देश में कोरोना वायरस के नए वैरियंट JN.1 के बढ़ते खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने भीड़भाड़ वाली जगहों और विशेष तौर पर अस्पतालों आदि में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के मुताबिक बुखार-जुकाम और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर संबंधित व्यक्ति को तुरंत डॉक्टरी चेकअप कराना होगा। अगर कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे तुरंत 7 दिन के लिए खुद को आइसोलेट भी करना होगा।
केरल में पिछले 24 घंटे में कोविड से तीन अन्य लोगों की मौत हो गई. अब तक पिछले दो सप्ताह में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 16 पर पहुंच गया है. कोविड का नया वैरिएंट JN.1 भारत में दस्तक देने के बाद से अब तक तीन राज्यों में पहुंच चुका है. नए मामलों में भी इस साल मई के बाद रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी गई है. राजस्थान, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में भी लगातार मामले बढ़ने की खबरें आ रही हैं.
देश में बुधवार को कोरोना वायरस के 700 नए मामले दर्ज किए गए. इनमें से अकेले 300 मामले केरल में मिले थे. अब देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 2400 हो गई है. बीते 24 घंटों में केरल में कोरोना से हुई तीन और मौतों के बाद अब देश में मरने वालों की संख्या 5 लाख 33 हजार 321 हो गई है. कोविड के JN.1 वैरिएंट के मामलों पर नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल ने कहा कि देश में JN.1 के 21 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. यह वायरस अन्य 40 देशों में भी फैल रहा है. हालांकि हमें चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि संक्रमण की चपेट में आए लोगों में से 91 से 92 प्रतिशत लोग घर पर उपचार ले रहे हैं.
