कोरोना संक्रमण के आंकड़ों को और कम करने का प्रयास
देहरादून। घटते कोरोना संक्रमण के बीच उत्तराखंड में कोरोना कर्फ्यू एक हफ्ते के लिये और बढ़ा दिया गया है। इस हफ्ते में थोड़ी राहत भी दी गयी है। दुकानों के खोलने और बंद करने का समय फिर से निर्धारित कर दिया गया है।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण और मृत्यु दर में निरंतर गिरावट आती जा रही है। लेकिन संक्रमण पर काबू नहीं पाया जा सका है। वहीं अब भी कोरोना से हो रही मौतें चिंता का कारण बनी हुई हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने कोरोना कर्फ्यू एक हफ्ते के लिये और बढ़ा दिया है। क्योंकि कोरोना कर्फ्यू लगाये जाने के बाद से प्रदेश में कोरोना की रफ्तार कम हो पायी है। ऐसे में संक्रमण पर और लगाम कसने के लिये ही कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
राज्य में अब 8 जून की सुबह 6 बजे तक बढ़ाये गये कोरोना कर्फ्यू में 1 जून और 5 जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक राशन की दुकानें खोली जा सकेंगी। जरूरी सामान की दुकानों को खोलने का समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक का ही रखा गया है। किताबों और स्टेशनरी की दुकानें केवल 1 जून को ही खोली जा सकेंगी। वहीं पूर्व की भांति कोविड गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य रहेगा। मास्क, सामाजिक दूरी और सैनेटाइजेशन जैसी सावधानियां बरतना जरूरी रहेगा और नियमों का पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। निर्धारित दिन और समय के अलावा दुकान खोलने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।