Site icon Buziness Bytes Hindi

Corona Crisis: कोरोना की चौथी लहर और मंकीपाक्स को लेकर सीएम योगी ने दिए टीम 9 को निर्देश

लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण की चौथी लहर और मंकीपाक्स को लेकर अपनी टीम 9 को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। जिसके बाद टीम—9  पूरी तरह से सक्रिय हो गई और उसने प्रदेश के सभी सीएमओ और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी किए है कि वे अपने यहां पूरी तरह से कोरोना की चौथी लहर और मंकीपाक्स को लेकर सतर्कता बरतें। मुख्यमंत्री योगी ने कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 33 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ 18 प्लस आयु के सभी लोगों को टीके की एक डोज लग चुकी है। जबकि 93.44 फीसदी से अधिक वयस्क लोगों को कोरोना की दोनों डोज लग चुकी है। 15-17 आयु के 98.21 फीसदी किशोरों और 12—14 आयु वर्ग के 90.16 फीसद बच्चों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर कोविड टीकाकरण केंद्रों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण के केस विभिन्न राज्यों में तेजी से बढ़ रहे हैं। दूसरे राज्यों में नए केस में बढ़ोतरी हो रही है। वर्तमान में प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है। कुल एक्टिव केस की संख्या इस समय प्रदेश में 914 है। जबकि 849 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। 

विभिन्न देशों में मंकीपाक्स संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश में सावधानी बरतने की जरूरत है। मंकीपाक्स के लक्षण, उपचार आदि के बारे में केंद्र की दिशा-निर्देशों के अनुसार लोगों को जागरूक किया जाए। इसी के साथ ही संदिग्ध लक्षण वाले लोगों के खून आदि की जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री ने ​निर्देश दिए कि मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक यह सुनिश्चित कराए कि जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान जनसमस्याओं के तुरंत और संतुष्टिपरक समाधान के प्रति संवेदनशील बने रहें। आमजन के प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण हो। डीएम,एसपी,एसएसपी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन लेते रहें। जिलों में उद्योग बंधु की बैठक समय समय पर होती रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसी भी जनपद में अवैध बस स्टैंड,टैक्सी स्टैंड,रिक्शा स्टैंड संचालित नहीं होना चाहिए। जहां कहीं भी ऐसी गतिविधियां दिखें उनको तुरंत बंद करवाए। यह जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की है कि वह आमजनता को पार्किंग की स्थायी जगह उपलब्ध कराए।

Exit mobile version