Site icon Buziness Bytes Hindi

BJP मंत्री का विवादित बयान : ठाकुर रघुराज सिंह ने कहा, मदरसों से निकलते हैं आतंकी


BJP मंत्री का विवादित बयान : ठाकुर रघुराज सिंह ने कहा, मदरसों से निकलते हैं आतंकी

यूपी की योगी सरकार के मंत्री बोले, मौका मिला तो देश भर के मदरसों को करा दूंगा बंद

अलीगढ़। देश के मदरसे आतंकियों के अड्डे हैं। इन मदरसों से ट्रेनिंग लेने वाले की सोच भी आतंकी होेती है और वह बाहर निकल कर आतंकवादी बनता है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह का कहना है कि मौका मिलने पर वह देश भर के मदरसों को बंद करा देंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही नेताओं की जुबान फिसलने लगी है। अपनी बयानबाजी में वह निजी टिप्पणी करने के साथ धर्म को भी निशाने पर ले रहे हैं। एक ओर जहां कांग्रेस के नेता हिंदुत्व पर सवाल उठा रहे हैं तो भाजपा के चंद नेता अल्पसंख्यकों और मदरसों पर निशाना साधने से नहीं चूक रहे। ऐसा ही एक विवादित बयान दिया है योगी सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह जिन्होंने मदरसों को आतंकवादियों का अड्डा बता दिया।

पूर्व में एएमयू छात्रों को जिंदा गाड़ देने और मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले बुर्के (हिजाब) को लेकर विवादित बयान देने वाले मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह का कहना है कि मदरसों में प्रशिक्षण लेकर बाहर निकलने वाला व्यक्ति आतंकवादी बन जाता है। आतंकवादी मन्नान वाणी भी कश्मीर के मदरसों से पढ़कर आगे की पढ़ाई के लिये अलीगढ़ पहुंचा था। उत्तर प्रदेश में पहले 250 मदरसे थे जिनकी संख्या अब 2500 हो गयी है। मदरसों में पढ़ने वाले सभी लोग बाद में आईएसआई के एजेंट ही साबित हुए हैं।

मंत्री का कहना है कि भगवान ने मौका दिया तो वह पूरे देश में चल रहे मदरसों को बंद करा देंगे। उन्होंने केरल में मुस्लिमवाद चला कर हिंदू बेटियों के साथ अत्याचार किये जाने की बात कहते हुए वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।

Exit mobile version