इंडिया गठबंधन की आज दिल्ली में बैठक हुई, कहा जा रहा है कि इस बैठक में सीट शयरिंग पर भी चर्चा हुई. बैठक में सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को इंडिया अलायन्स का कोऑर्डिनेटर बनाने पर सहमति बनी. बैठक में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और ममता बनर्जी शामिल नहीं हुई. ममता बनर्जी ने पहले से ही दूरी बनाई हुई थी लेकिन अखिलेश यादव बैठक में शामिल क्यों नहीं हुए इसपर तरह तरह की बातें चल रही हैं। बड़ी बात ये रही कि अखिलेश नहीं पहुंचे तो उनकी जगह कोई नेता सपा का नेतृत्व करने नहीं पहुंचा। ममता और अखिलेश के अलावा महाराष्ट्र में कांग्रेस का सहयोगी उद्धव गुट भी बैठक से नदारद रहा.
जानकारी के अनुसार संयोजक पद के लिए पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद खरगे के नाम का प्रस्ताव हुआ जिसपर बैठक में शामिल सभी लोगों की सहमति मिली। बता दें कि सीट शेयरिंग को लेकर इंडिया गठबंधन में बातचीत के दौर जारी हैं लेकिन कई जगह पर पेंच फंसा हुआ. जानकारी के मुताबिक आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की खरगे के साथ बैठक हुई, अभी इस बैठक का कोई ब्योरा सामने नहीं आया है.
अखिलेश यादव की अगर बात करें तो कल भी उन्होंने लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर प्रेस को सम्बोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने गठबंधन का हमेशा सम्मान किया है और प्रदेश की सभी सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की मज़बूत दावेदारी होगी। हालाँकि उन्होंने कार्यकर्ताओं से ये भी कहा कि किसी भी परिस्थिति के लिए आपको तैयार रहना है, उनके कहने का मतलब अगर गठबंधन की बात पर कोई रूकावट आती है उस सूरत में सपा अपने पुराने सहयोगियों के साथ चुनाव में जाने को तैयार है. दरअसल सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय से ही रार चल रही है.

