Site icon Buziness Bytes Hindi

उत्तराखंड की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर Congress शुरू करेगी पदयात्रा

congress

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार केा घेरने की रणनीति पर अब विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने काम करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं से नौकरी के नाम पर छलावा किया है। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, पंचायत चुनाव में धांधली और सामुदायिक माहौल खराब करने सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर अब कांग्रेस पदयात्रा शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पदयात्रा की शुरूआत हरिद्वार से करेंगे।

वह अगले महीने के पहले सप्ताह से बद्रीनाथ धाम से पदयात्रा की शुरूआत करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चारधाम यात्रा में सबसे अधिक यात्रियों की मौत का रिकॉर्ड इस बार भाजपा सरकार ने बनाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी दो चरणों में घोषित की जाएगी। पहले चरण में 28 महामंत्री, 22 वरिष्ठ उपाध्यक्ष और 50 सचिवों के नाम की सूची अनुमोदन के लिए पार्टी हाईकमान को भेजी गई है। इसके बाद एक अन्य सूची फिर से भेजी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी छोटी बनाई जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का कद उनसे काफी बड़ा है। ऐसा नहीं लगता कि वह करन माहरा की कार्यकारिणी में काम के इच्छुक होंगे।

Exit mobile version