भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गाँधी ने कांग्रेस पार्टी के लिए देश में एक माहौल बना दिया है, यात्रा में जिस तरह लोगों की भीड़ आ रही और जिस तरह से लोगों का जुड़ाव हो रहा उससे कांग्रेस पार्टी जहाँ बहुत ज़्यादा उत्साहित है वहीँ भाजपा की पेशानी पर बल पड़ने लगे हैं क्योंकि यह यात्रा उसकी उम्मीदों से कहीं ज़्यादा कामयाब हुई है, कांग्रेस पार्टी की तरफ से कहा गया है कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी से पहले समाप्त हो जाएगी, हालाँकि पहले कहा गया था कि 26 जनवरी से पहले श्रीनगर के लाल चौक पर पहुंचकर और तिरंगा फहराकर राहुल गाँधी यात्रा का समापन करेंगे. भारत जोड़ो यात्रा से देश में जो माहौल बना है कांग्रेस पार्टी उसे बरकरार रखना चाहती है और इसलिए इस यात्रा के बाद वो लोगों से जुड़ने का एक और अभियान छेड़ने जा रही है.
‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान
कांग्रेस की तरफ से बताया गया है कि 26 जनवरी से कांग्रेस पार्टी पूरे देश में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू करने जा रही है. इस त्रिस्तरीय अभियान के अंतर्गत गाँव गाँव पहुँचने का प्रयास किया जायगा। पार्टी के सीनियर नेता इस अभियान का हिस्सा बनेंगे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से जाकर मिलेंगे. कांग्रेस पार्टी ब्लॉक स्तर के नेताओं को इसकी ज़िम्मेदारी सौंपी है. इस अभियान के तहत सबसे निचला स्तर गांव का होगा, उसके बाद ब्लॉक और जिला होगा। इस अभियान के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्त्ता गांव-गांव जाकर पदयात्रा करते हुए झंडा फहराएंगे।
हार के कारणों को जानेगी कांग्रेस
इसके अलावा हर गाँव में बैठक आयोजित होगी जिसमें गाँव की समस्यों पर चर्चा होगी, इस दौरान कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गाँधी का एक पत्र भी लोगों में वितरित किया जायेगा। गाँव के हर दरवाज़े पर अभियान का स्टिकर चिपकाया जायेगा और लोगों को मोदी सरकार के खिलाफ आरोपपत्र सौंपा जायेगा। इस पूरे अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि उसकी हार के कारण क्या हैं ताकि उसके बाद उसी हिसाब से 2024 की रणनीति तैयार की जाय.
