G20 Summit, Congress news: आज से नई दिल्ली में G20 समिट की शुरूआत हो चुकी है। इसको लेकर अब देश में सियासत भी शुरू हो गई है। G20 समिट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज शनिवार को सरकार पर आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर और झुग्गियों को सरकार ढक रही है या उनको ध्वस्त करा रही है। सरकार ने आवारा जानवरों को बंद करवा दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारे मेहमानों से भारत की हकीकत को छिपाने की कोई जरूरत नहीं है।
पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है। जिसमें झुग्गियों को हरी चादरों से ढका दिखाया गया है। दो दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन में दुनिया के सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता भाग ले रहे हैं।
भारत की हकीकत छिपाने की जरूरत नहीं
राहुल गांधी ने ट्विटर पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार हमारे गरीब लोगों और जानवरों को छिपा रही है। हमारे मेहमानों से भारत की हकीकत को छिपाने की जरूरत नहीं है। Congress के पूर्व अध्यक्ष Rahul Gandhi विदेश दौरे पर हैं।
जयराम रमेश ने पीएम पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘जी-20 का उद्देश्य विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की एक उत्पादक सभा होना है। जिसका मकसद वैश्विक समस्याओं से सहयोगात्मक तरीके से निपटना है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘राष्ट्रपित व्लादिमीर पुतिन भले इससे दूर हों, लेकिन प्रिंस प्रोटेमकिन (रूसी सैन्य शासक) झुग्गियों को या तो ढककर रख रहे हैं या उन्हें ध्वस्त कर दिया है। जिससे हजारों लोग बेघर हैं। प्रधानमंत्री की छवि को बचाने के लिए आवारा पशुओं को बेरहमी से पकड़ा गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
कांग्रेस ने जारी किए वीडियो
विपक्षी दल कांग्रेस ने झुग्गियों को ढंकने के वीडियो के अलावा जी 20 शिखर सम्मेलन से पहले आवारा कुत्तों और जानवरों के प्रति क्रूरता के वीडियो वायरल किए हैं। कांग्रेस के साझा किए वीडियो में झुग्गी में रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि सरकार हमें कीड़े समझती है। हम लोग इंसान नहीं हैं क्या। कांग्रेस ने एक्स पर की गई पोस्ट में कहा, जी-20 समिट से पहले पीएम मोदी अपनी सरकार की नाकामी छिपाने के लिए झुग्गी में रहने वालों के घरों को पर्दे से ढक रहे हैं।
