अजय श्रीवास्तव
देश के प्रधानमंत्री की कथित आलोचना करने वाले पोस्टरों के समर्थन में कांग्रेस नेतृत्व खुलकर सामने आ गया है। जिन पोस्टर्स को लेकर दिल्ली में शनिवार को तमाम लोगों को गिरफ्तारियां हुईं, उसे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांंधी ने भी सोशल मीडिया में शेयर किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर को शेयर करते हुए कहा कि मुझे भी गिरफ्तार कर लो। प्रियंका ने भी अपने ट्वीटर हैंडल से शेयर इस पोस्टर को काले बैकग्राऊंड के साथ साझा किया है। अकसर पीएम मोदी को सीधा निशाना बनाने वाले राहुल गांधी ने एक तरह से सीधेतौर पर प्रधानमंत्री को ही चुनौती दे दी है। मामले ने तूल पकड़ा तो बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपसी संघर्ष को भी आमादा हो सकते हैं।
इस ताजा पोस्टर मुद्दे पर जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व सामने है उससे लगता है किकोरोना काबू हो न हो, देश की राजनीति अवश्य बेकाबू होने को हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जारी उस पोस्टर के समर्थन में जुट गई हैं, जिसके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने तमाम लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को प्रियंका गांधी ने दोपहर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर अपना प्रोफाइल पिक हटाकर उसकी जगह उसी पोस्टर को लगा दिया। पोस्टर में लिखा है, मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दिया?
इस बावत आला अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ये पोस्टर शहर के कई हिस्सों में लगाए गए थे। इनमें लिखा था, मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी? पुलिस को पोस्टरों के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सतर्क किया गया। शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा करने से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत विभिन्न जिलों में 25 प्राथमिकी दर्ज की हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीन प्राथमिकी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दर्ज की गई और वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तीन प्राथमिकी पश्चिम दिल्ली में दर्ज की गयीं और वहां से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि तीन एफआईआर बाहरी दिल्ली में दर्ज की गईं और वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। राजधानी के उत्तर-पश्चिम इलाके में इस मामले में चार एफआईआर दर्ज की गयीं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच यह बात भी पुलिसिया पूछताछ में सामने आयी कि, उत्तरी दिल्ली में एक एफआईआर पर एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया जिसने इन पोस्टरों को लगाने के एवज में पांच सौ रुपये मिलने की बात कही है। जांच ऐजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने को प्रयासरत हैं।

