- सपा को सता रहा प्लेऑफ से बाहर होने का डर
- सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भाजपा-कांग्रेस में आपसी समझौता
सुनील शर्मा
लखनऊ। कुछ समय पहले तक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की पिच तक न छू पाने वाली कांग्रेस आज अपने सलामी बल्लेबाज प्रियंका गांधी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से प्लेऑफ में पहुंच गयी है। हाल यह है कि योगी सरकार की हर गेंद पर चौतरफा चौके-छक्के लगा रही प्रियंका की शानदार बल्लेबाजी से भाजपा ही नहीं बल्कि विपक्षी दल समाजवादी पार्टी का भी चैन छीन गया है। उन्हें प्रियंका गांधी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी क आगे अपनी टीमों के गेंदबाजों के बुरी तरह से पीटने का अंदेशा सता रहा है। कांग्रेस के स्कोर बोर्ड पर लगातार बढ़ते जा रहे रनों को देखकर सपा ने भाजपा और कांग्रेस पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगा दिया है। सपा प्रदेश अध्यक्ष की मानें तो भाजपा और कांग्रेस में आपसी समझौता हो गया है।
Read also: उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने किया चुनावी प्रचार का शंखनाद, बीजेपी पर बोला हमला
यूपी विधानसभा चुनाव के लिये क्वालीफायर दौर शुरू हो गया है। शुरूआती दौर में लगातार मैच हारने वाली कांग्रेस छुपे रूस्तम के रूप में सामने आयी। योगी सरकार के साथ हुए मैचों में कांग्रेस की सलामी बल्लेबाज प्रियंका गांधी ने कमजोर गेंदों का फायदा उठाया और उन्हें मैदान से बाहर भेजने में देर नहीं की। योगी सरकार की टीम का खराब प्रदर्शन कांग्रेस के लिये मौका बनकर आया जिसका पूरा लाभ प्रियंका गांधी ने उठाया। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए प्रियंका गांधी ने योगी सरकार के किसी भी बाॅलर को सिर उठाने नहीं दिया और राजनीति के मैदान में चौके-छक्के लगाना जारी रखा। कांग्रेस लगातार मैच जीतकर यूपी चुनाव तालिका में ऊपर आती गयी।
प्रियंका गांधी के नेतृत्व में जहां कांग्रेस की टीम नंबर हासिल करती रही वहीं देर से फैसला लेने वाली समाजवादी पार्टी मुद्दे उठाने में पिछड़ती चली गयीं। प्रियंका को आउट करने का कोई तरीका न मिला तो सपा ने भाजपा और कांग्रेस पर विस चुनाव फिक्सिंग करने का ही आरोप लगा दिया।
रविवार को जालौन में सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि एक ही सिक्के के दो पहलू भाजपा और कांग्रेस ने आपसी समझौता कर लिया है। प्रदेश की जनता के समर्थन से सपा मुखिया अखिलेश यादव ही सीएम योगी के विकल्प हैं। ऐसे में मतदाताओं में भ्रम पैदा करने के लिये भाजपा ने चाल चली है और कांग्रेस को प्रदेश में मुद्दे देकर आगे बढ़ा रही है।
Read also: किसानों को कुचलने वाले को पुलिस भेज रही थी निमंत्रणः प्रियंका गांधी
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल है। इसलिये वह जनता के मुद्दों को उठाकर उनकी आवाज बन रही है। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर लड़ने के साथ जेल तक जा रहे हैं। कांग्रेस फ्रंटफुट पर खेल रही है और सपा-बसपा सीबीआई और ईडी के डर से चुप्पी साधे हुए हैं।

