नई दिल्ली। देश को एकसूत्र में पिरोने और सांप्रदायिक एकता के लिए निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा एक दिन के विश्राम के बाद आज फिर से शुरू हो गई है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 17 वां दिन है। केरल के पेरम्बरा से शुरू भारत जोड़ों यात्रा आज सुबह करीब 12 किमी की दूरी तय करके अंबल्लूर जंक्शन पर समाप्त हुई। पेरम्बरा से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे पहले शुक्रवार को भारत जोड़ों यात्रा को विश्राम दिया गया था। सात सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने के बाद से यह दूसरा अवकाश दिवस था। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी कि एक दिन के आराम के बाद, भारत जोड़ो यात्रा का 17वां दिन त्रिशूर जिले के पेरम्बरा जंक्शन से आज सुबह करीब 6ः35 बजे शुरू हुआ। यात्री आज सुबह 12 किमी पैदल चलेगे।
भारत जोड़ो यात्रा ने 10 सितंबर को केरल प्रदेश में प्रवेश किया था। इस राज्य में भारत जोड़ो यात्रा 450 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भारत जोड़ों यात्रा केरल के सात जिलों से होकर गुजरेगी। इसके बाद यात्रा एक अक्टूबर को कर्नाटक में प्रवेश करेगी। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में 3,570 किमी की दूरी तय करेगी। यह सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। भारत जोड़ो यात्रा के विश्राम दिवस के दिन कई खबरें ऐसी आई। जिनमें कहा गया कि राहुल गांधी राष्ट्रीय राजधानी में हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने उन सभी खबरों को खारिज किया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि टीवी चैनल्स और प्रिंट मीडिया के कुछ वर्ग द्वारा फैलाई जा रही फर्जी खबरों के विपरीत राहुल गांधी आज कंटेनर में ही दिन बिता रहे हैं। जो कि भारत जोड़ो यात्रा का एक विश्राम दिवस है। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो के यात्रियों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन किया है। राहुल गांधी चलकुडी में आराम कर रहे हैं।

