मृत पक्षियों के सैंपलों की जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि
देहरादून और कोटद्वार के भेजे गए सैंपल में दो पाॅजिटिव
देहरादून। बर्ड फ्लू का खतरा उत्तराखंड तक पहुंच गया है। देहरादून और कोटद्वार क्षेत्र में मृत मिले पक्षियों के सैंपलों में दो पाॅजिटिव मिले हैं। जिसके बाद बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिये सरकार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं वन विभाग में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सोमवार को राजधानी देहरादून में अनेक पक्षी मृत पाये गये थे। अकेले बांबे बाग में करीब 85 कौवे मृत पाये गये थे। देर शाम तक तकरीबन 115 पक्षियों के शव को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बरामद कर उनके सेंपल लिये थे। वहीं बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए पक्षियों के शवों को जला दिया गया था। पक्षियों के संेपल जांच के लिये भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। वहां से मंगलवार को आयी रिपोर्ट में दो सेंपल पाॅजिटिव पाए जाने के बाद शासन-प्रशासन के होश उड़ गये। सरकार ने बर्ड फ्लू फैलने के खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया। सभी विभागों को हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन कर अधिकारियों को प्रवासी पक्षी और पोल्ट्री फार्म पर पैनी निगाहें बनाए रखने के निर्देश दिए है।
आर.मीनाक्षीसुंदरम, पशुपालन सचिव ने बताया कि अब कौवों में फ्लू की पुष्टि होने के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। देश में पक्षियों से मनुष्यों में संक्रमण की अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों को प्रवासी पक्षियों और पोल्ट्री फार्म पर विशेष नजर रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
वहीं वन विभाग को 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वन मंत्री डा. हरक सिंह ने बताया कि विभाग में रेड अलर्ट कर दिया गया है। विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई मृत पक्षी मिलने पर लोग उसे ना छुएं ना ही उसे हटाएं बल्कि विभाग को सूचित करें। वन कर्मियों को सुरक्षा के लिए पीपीई किट और सैंपलिंग किट दी जाएगी।

