Site icon Buziness Bytes Hindi

वाणिज्यिक एलपीजी के दाम घटे

commercial lpg

लोकसभा चुनाव को हालाँकि अभी कुछ महीने बाकी हैं लेकिन देश की जनता के लिए आने वाले दिन अच्छे साबित होने वाले हैं क्योकि केंद्र की मोदी सरकार रियायतों का दौर शुरू करने जा रही है। कहा जा रहा है कि पेट्रोल-डीज़ल के दामों में कटौती की शुरुआत होने वाली है, कुछ समय पहले घरेलू एलपीजी के दाम सरकार ने 200 रूपये घटाए थे, अब बारी वाणिज्यिक एलपीजी की थी. कहा जा रहा है कि चूँकि अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों में नरमी है इसलिए शुक्रवार को व्यावसायिक उपयोग के लिए 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 39.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई।

घरेलू उपयोग वाले एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत 903 रुपये पर बनी हुई है। पब्लिक सेक्टर की पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार होटल और रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब 1,757 रुपये होगी।

अब वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत मुंबई में 1,710 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर, कोलकाता में 1,868.50 रुपये और चेन्नई में 1,929 रुपये होगी। स्थानीय करों के आधार पर दरें अलग-अलग राज्यों में भिन्न-भिन्न होती हैं। एलपीजी के मूल्य निर्धारण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सूचकांक, सऊदी अनुबंध मूल्य (सीपी), अधिक आपूर्ति की चिंताओं के बीच पिछले कुछ हफ्तों में नरम हो गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार रिकॉर्ड 21वें महीने स्थिर बनी हुई हैं। राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 89.62 रुपये प्रति लीटर है।

Exit mobile version