नए साल यानि 2024 में आगे जाकर क्या क्या होगा पता नहीं लेकिन पहले दिन की शुरुआत ज़रूर राहत भरी खबर के साथ हुई है, हालाँकि ये राहत एक सीमित दायरे में है क्योंकि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल घरों में नहीं व्यवसायिक ठिकानों पर ही होता है. जी हाँ आज से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर देश के अलग अलग हिस्सों में पचास पैसे से लेकर साढ़े चार रूपये तक सस्ता हो गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें 1 जनवरी 2024 से लागू हो गई हैं। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त विमानों में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ फ्यूल) की कीमतों में भी बदलाव हुआ है।
दिल्ली में आज से 19 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत 1755.50 रुपये हो गई है. पहले यह 1757 रुपये में मिल रहा था। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर पहले 1710 रुपये में मिलता था जो अब 1708.50 रुपये का हो गया है। चेन्नई में कीमत 1929 रुपये से घटकर 1924.50 रुपये हो गई है. जबकि कोलकाता में यह गैस सिलेंडर 1869 रुपये में उपलब्ध है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 30 अगस्त 2023 को इसकी कीमतों में बदलाव किया गया था। दिल्ली में यह घरेलू एलपीजी सिलेंडर 903 रुपये में उपलब्ध है वहीं कोलकाता में 929 रुपये, मुंबई में 902 रुपये और चेन्नई में 918 रुपये में मिल रहा है।
ATF Price की बात करें तो नए साल के पहले दिन से एयरलाइंस में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में भी बदलाव हुआ है. अब दिल्ली में ATF की नई कीमत 1,01,993.17 रुपये/Kl हो गई है. कोलकाता में यह कीमत 1,10,962.83 रुपये/Kl, मुंबई में 95,372.43 रुपये/Kl और चेन्नई में 1,06,042.99 रुपये/Kl हो गई है.

