मुरादाबाद: :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में विगत 08 दिनों में 65 हजार कोविड एक्टिव केस कम हुए हैं। प्रदेश में विगत 30 अप्रैल को 03 लाख 10 हजार एक्टिव केस थे, जो आज सभी के सम्मिलित प्रयासों के मद्देनजर घटकर 02 लाख 45 हजार तक आ चुके हैं। आज केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार के सामूहिक प्रयासों की बदौलत संक्रमण की दर को कम करने में सफलता मिल रही है।
मुख्यमंत्री आज जनपद मुरादाबाद के भ्रमण के अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेन्टर, मुरादाबाद का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मियों से वार्ता कर कार्याें के सम्बन्ध में फीडबैक लिया। तत्पश्चात एक उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने मुरादाबाद मण्डल के कोविड प्रबन्धन कार्याें की समीक्षा की। इस बैठक में जनपद मुरादाबाद के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ-साथ मुरादाबाद मण्डल के अन्य जनपदों के जिलाधिकारी एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।
गांवों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए विगत 05 मई से संचालित प्रदेशव्यापी विशेष जांच अभियान की प्रगति को मौके पर परखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जी ने विकास खण्ड मुरादाबाद सदर के मनोहरपुर गांव का भ्रमण किया। उन्होंने निगरानी समितियों तथा आर0आर0टी0 द्वारा अभियान में किए जा रहे कार्यों के सम्बन्ध में फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को मेडिकल किट, इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेन्टर से नियमित संवाद के बारे में सीधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लोगों से मास्क के अनिवार्य उपयोग, दो गज की दूरी के पालन, बार-बार हाथ को साबुन से धोने आदि महामारी से बचाव सम्बन्धी उपायों को अपनाने का आह्वान किया।
मण्डलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद मुरादाबाद और अमरोहा में टेस्ट की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने मण्डल के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों से निगरानी समितियों तथा आर0आर0टी0 की संख्या की जानकारी प्राप्त करते हुए जनपद अमरोहा और मुरादाबाद में आर0आर0टी0 की संख्या में वृद्धि के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मण्डल में आॅक्सीजन की आपूर्ति की व्यावहारिक व्यवस्था बनायी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि मेडिकल किट संक्रमण की दृष्टि से संदिग्ध सभी लोगों को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने जनपद अमरोहा में कोविड वैक्सीनेशन कार्य की गति को तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि निगरानी समितियों को प्रवासी कामगारों की स्क्रीनिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाए। आंशिक कोरोना कफ्र्यू के दौरान कम्युनिटी किचन के माध्यम से जरूरतमन्द लोगों को फूड पैकेट उपलब्ध कराया जाए। सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निजी एम्बुलेन्स चालक अथवा प्राइवेट अस्पताल द्वारा लोगों का शोषण न होने पाए। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निजी एम्बुलेन्स का किराया निर्धारित किया जाए। प्रत्येक प्राइवेट अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित दर पर ही मरीजों से शुल्क लिया जाए। मण्डल के सभी जनपदों में कोविड बेड की संख्या में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किये जाएं। आर0टी0पी0सी0आर0, रैपिड एण्टीजन तथा टूªनैट टेस्ट की संख्या बढ़ायी जाए।
मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुनिया इस सदी की सबसे बड़ी महामारी का सामना कर रही है। विकसित देशों का हेल्थ सिस्टम ध्वस्त होता दिखा है। लेकिन मानवता अपने सामूहिक प्रयासों से महामारी को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर देगी। कोरोना महामारी की द्वितीय लहर व किसी अन्य सम्भावित चुनौती का मुकाबला करने के लिए केन्द्र सरकार, प्रदेश सरकार, जनप्रतिनिधिगण एवं हमारी प्रशासनिक मशीनरी, हेल्थ वर्कर्स सहित अन्य कोरोना वाॅरियर्स मजबूती से अपने कार्याें को सम्पादित कर रहे हैं।

