Site icon Buziness Bytes Hindi

कार्यकर्ता खुद को कमजोर ना समझें, निस्तारण ना हो सीधे लिखे: सीएम योगी

सहारनपुरमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। भाजपाईयों के साथ बैठक  करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कार्यकर्ता खुद को कमजोर ना समझें। उन्हें अपनी बात कहने के लिए किसी माध्यम की जरूरत नहीं है। वह सीधे अपनी बात कह सकते हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर सीधे लिख सकते हैं। उनकी समस्याओं का तुरंत ही निस्तारण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार को सहारनपुर मंडल के दौरे पर पहुंचे थे। सरसावा एयरबेस स्टेशन पर सरकारी विमान से उतरने के बाद वहां से सीएम योगी हैलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और भाजपाईयों से बात करते हुए राजनीतिक हालातों और विकास कार्यों के बारे में फीडबैक लिया।  इसके बाद वह सहारनपुर यूनिवर्सिटी पहुंचे। विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद सीएम ने सर्किट हाउस में मंडल के तीनों जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शाामली के विकास कार्यों की समीक्षा की। यहां अफसरों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए सीएम ने कहा कि कार्यकर्ता का हर हालत में मान रखा जाए। यदि कार्यकर्ता कोई जनसमस्या लेकर आता है तो उसकी समस्या का त्वरित निस्तारण कराया जाए।

Read also: रेवड़ी कल्चर पर फैसला सोमवार को

सीएम ने कहा कि विकास कार्यों में धीमी गति का फीडबैक मिला है। लिहाजा विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। जनहित और विकास वाले कार्यों में समय और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही होती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी मुख्यमंत्री के इस दौरे को आगामी लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। जिस तरह सीएम ने संगठन के सबसे निचले और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी कार्यकर्ता को हिम्मत दी उससे जाहिर है कि अब आगामी चुनाव की तैयारी में भाजपा है। बता दें कि सहारनपुर की सीट पिछले संसदीय चुनाव में भाजपा हारी थी। अब भाजपा एक बार फिर से अपनी खोई सीट को पाना चाहती है। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर और शामली पर संगठन का पूरा फोकस है। दोपहर तीन बजे तक सीएम सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक कर रहे थे।

Exit mobile version