Site icon Buziness Bytes Hindi

सीएम योगी ने किया सम्मान तो खिल गये पैरालंपिक खिलाड़ियों के चेहरे


सीएम योगी ने किया सम्मान तो खिल गये पैरालंपिक खिलाड़ियों के चेहरे

मेरठ। उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में गुरूवार को आयोजित ऐतिहासिक समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17 पैरालंपिक विजेताओं को सम्मानित किया। देश में इस तरह के पहले कार्यक्रम में 17 पैरालंपिक विजेताओं के साथ पूरे प्रदेश के दो हजार से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हुए। सीएम योगी ने कहा कि मेरठ में बनने वाला खेल विवि हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जायेगा।


Read also: यूपी में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने सीएम योगी को लिखा पत्र

गुरुवार सुबह से ही देश के 17 पैरालंपिक विजेताओं के साथ पूरे प्रदेश के दो हजार से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों का सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पहुंचना शुरू हो गया था। सीएम योगी को साढ़े ग्यारह बजे मेरठ पहुंचना था लेकिन उनके कार्यक्रम में थोड़ा विलंब हुआ। गाजियाबाद से वाया सड़क मार्ग मेरठ पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कृषि विश्वविद्यालय में सबसे पहले खेल उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगवाए। 1857 की क्रांति का बिगुल फूंकने वाली क्रांति धरा मेरठ को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी का मुकाबला करने के दौर में पीएम मोदी के प्रोत्साहन से केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अब तक का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व बनता है।


सीएम योगी ने कहा कि मेरठ को खेल उत्पादों से जाना जाता है। अब यहां खेल विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू होने जा रहा है जिसे मेजर ध्यानचंद के नाम से जाना जायेगा। मेरठ के खेल उत्पादों की विश्वभर में बेहद मांग है। हमारी सरकार ने इसे प्रोत्साहन दिया। सीएम ने गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी सुहास एल. वाई जिन्हें कोरोना के समय तैनाती दी थी का जिक्र करते हुए कहा कि सुहास ने टीम मैनेजमेंट का परिचय करते हुए शानदार कार्य करने के बाद बैडमिंटन खेल में परचम लहरा दिया। खिलाड़ियों के लिये उत्तर प्रदेश सरकार ने पांच वेतन वृद्धि की घोषणा की है। सीएम ने ओलंपिक, पैरालंपिक में गए कोच को भी 10-10 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश में 71 स्टेडियम बनाये है। 19 जनपदों में 16 खेलो के लिए 44 छात्रावास संचालित किये जा रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिये अर्जुन, ध्यानचंद, पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को 20 हजार रुपये वित्तीय मासिक सहायता प्रदान की जा रही है।


Read also: सीएम योगी की अगुवाई में गोरखनाथ मंदिर से निकली पारंपरिक शोभायात्रा

समारोह में पहुंचे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के फैसले को सराहनीय बताते हुए राज्य सरकार की प्रशंसा की। केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने पर मेरी राज्य के खेल मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सात खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के पश्चिम इलाके से हैं और मुझे पूर्ण विश्वास है कि उत्तर प्रदेश भविष्य में देश को और खिलाड़ी देगा।

Exit mobile version