Site icon Buziness Bytes Hindi

संविधान की धज्जियां उड़ा रहे सीएम योगी- ओवैसी


संविधान की धज्जियां उड़ा रहे सीएम योगी- ओवैसी

कहा, सेकुलरिज्म को नहीं मानते सबसे बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी सिर्फ एक ही मजहब और जाति-बिरादरी की बात करते हैं। सेकुलरिज्म को न मानने वाले सीएम संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यह कहना है ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का जो उतरौला में भागीदारी संकल्प मोर्चा के बैनर तले आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। असदुद्दीन ओवैसी ने योगी आदित्यनाथ को संविधान के तमाम आर्टिकल्स पढ़ने की नसीहत भी दी। ओवैसी ने कहा की उत्तर प्रदेश में फिर से योगी की सरकार नहीं बन सकेगी।

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कड़ी चुनौती देने की ठान चुकी आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने उतरौला विधानसभा क्षेत्र से अब्दुल मन्नान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उतरौला में भागीदारी संकल्प मोर्चा के बैनर तले आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने प्रदेेश के सीएम योगी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के बावजूद सीएम योगी सेकुलरिज्म को नहीं मानते। उन्होंने कहा कि योगी सिर्फ एक ही मजहब और जाति-बिरादरी की बात करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने संविधान की धज्जियां उड़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने मंच से सवाल दागा की यदि सेकुलरिज्म पूरी दुनिया में भारत को उसका मुकाम दिलाने से रोक रहा है तो मैं योगी और मोदी से पूछना चाहता हूं कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100 रुपये के करीब कैसे पहुंच गई? क्या वह सेकुलरिज्म की वजह से हुआ है? ओवैसी ने कहा कि हम इस मुल्क और इस मुल्क के संविधान को बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान भी कर सकते हैं। मगर उत्तर प्रदेश में मुसलमानों पर जुल्म किया जा रहा है और नफरत का इजाफा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कोई मुख्यमंत्री बनेगा तो हमारा भाई ओमप्रकाश राजभर यूपी का मुख्यमंत्री बनेगा।

Exit mobile version