Site icon Buziness Bytes Hindi

देश में सबसे गर्म रहा चुरू, 14 राज्यों में हीट वेव का अलर्ट


देश में सबसे गर्म रहा चुरू, 14 राज्यों में हीट वेव का अलर्ट

न्यूज़ डेस्क – प्री-मॉनसून सीजन का तीसरा महीना मई भी बीतने को है. अब देश भर में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है.मई के पहले पखवाड़े यानि 15 दिन में भी देश के कई राज्यों में व्यापक प्री-मॉनसून बारिश हुई जिसके चलते तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं हो रही थी. लेकिन अब देश भर में ज्यादातर जगहों पर आसमान साफ और मौसम शुष्क है जिसके चलते तापमान बढ़ने लगा है. कई जगहों पर पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है. कई राज्य अब भीषण लू की गिरफ्त में आ गए हैं. स्काई मेट के मुताबिक, मैदानी इलाकों में राजस्थान का चुरू सबसे गर्म रहा.

सबसे गर्म शहर रहा चुरू

Image Credit – Skymet

तीन राज्यों में 45 से ऊपर पहुंचा टेम्प्रेचर
देश के उत्तरी हिस्सों में तापमान के 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के बाद मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां अगले 3 दिनों में तापमान के 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में चलने वाली लू की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

अगले पांच दिनों तक चलेगी भयंकर लू
वेदर डिपार्टमेंट ने सोमवार को बताया कि अगले पांच दिन तक दिल्‍ली, मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान, विदर्भ और तेलंगाना में भयंकर लू चलेगी. उधर, गुजरात, ओडिशा, छत्‍तीसगढ़, सेंट्रल महाराष्‍ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्‍तरी कर्नाटक में भी अगले 3-4 दिनों तक लू का प्रकोप देखने को मिलेगा. सोमवार को राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है.

28 मई के बाद गर्मी से मिल सकती है थोड़ी राहत
मौसम विभाग ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर पर पूर्वी हवाओं के चलने से 28 मई को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. 28 मई की रात से वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस का असर दिखेगा. इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद है. दिल्ली-एनसीआर में 29-30 मई को 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का भी अनुमान है.

Exit mobile version