चीन और ताइवान के बीच अब विवाद और अधिक बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी संसद स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन ने अब अपनी रणनीति काफी आक्रामक कर दी है। नैंसी पेलोसी के अमेरिका लौटने के बाद से चीन ने अब सैनिक गतिविधियेां में तेजी ला दी है। चीन ने ताइवान को घेरने के लिए सीमा के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी है। जानकारी ये भी है कि चीनी सेना ने ताइवान के आसपास सैन्य अभियान की शुरूआत कर दी है।
जानकारी के अनुसार चीन ने ताइवान सीमा पर युद्धाभ्यास के लिए युद्धपोत, फाइटर जेट और मिसाइलों को तैनात कर दिया है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक पीएलए सात अगस्त तक छह अलग-अलग क्षेत्रों में सैन्य अभ्यास करेगा। जो ताइवान द्वीप को सभी दिशाओं से घेरता है।
बता दें कि अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी ताइवान की यात्रा पर राजधानी ताईपेई पहुंची थी उस दौरान से ही चीन विरोध कर रहा था। लेकिन इसके बावजूद भी नैंसी गत मंगलवार को ताइवान की राजधानी ताईपेई पहुंचीं थीं। 25 साल के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब अमेरिकी स्पीकर ताइवान के दौरे पर थीं। इससे पहले 1997 में तत्कालीन स्पीकर न्यूट गिंगरिक ताइवान पहुंचे थे। पेलोसी के दौरे से छटपटाए चीन ने कई तरह के एलान कर दिए हैं। इसके अलावा चीन ने फाइटर जेट ताइवान की सीमा के ऊपर उड़ान के लिए भेजे हैं। पेलोसी के ताइवान से जाते ही चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गए हैं।
