वाशिंगटन। अमेरिका के सबसे आधुनिक फाइटर जेट बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मार्टिन की मुसीबतें अब बढ़ गई हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय- पेंटागन ने कंपनी से एफ-35 जेट्स की डिलीवरी लेने पर रोक लगा दी। बताया गया है कि एफ-35 के इंजन में मैग्नेट लगा था, उसमें चीन के अनाधिकृत पदार्थों का उपयोग हुआ है। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय और कंपनी ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के रसेल गोएमाए के अनुसार रक्षा सौदों की प्रबंधन एजेंसी ने 19 अगस्त को एफ-35 कार्यक्रम को देखा था। जिसके बाद विभाग को बताया था कि एफ-35 फाइटर जेट्स के टर्बाेमशीन पंप्स में लगा मैग्नेट्स उपयोग हो रहा है। उनके कुछ पुर्जे चीन में निर्मित हैं। इसके बाद मंत्रालय ने एफ-35 की डिलीवरी स्वीकार करने पर रोक लगा दी। इसे लेकर कंपनी को चेतावनी जारी की गई है।
रिपोट्र्स के अनुसार जहां एफ-35 का डिजाइन लॉकहीड मार्टिन कंपनी तैयार कर रही है, वहीं इसकी टर्बाेमशीन को तैयार करने का जिम्मा हनीवेल कंपनी को दिया है। पिछले महीने के आखिर में हनीवेल को जानकारी दी कि उसकी टर्बाेमशीन के सप्लायर्स चीन से मंगाए अनाधिकृत पदार्थों का उपयोग कर रहे हैं।
रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा है कि एहतियात के तौर पर फिलहाल एफ-35 को लेने पर रोक लगाई है। हालांकि, यह कहा गया है कि मैग्नेट में चीन के किसी पदार्थ के उपयोग से संवेदनशील जानकारी पर किसी प्रकार का खतरा नहीं है। न मौजूदा समय में उपयोग हो रहे एफ-35 की गुणवत्ता या सुरक्षा पर चिंता है। पेंटागन और लॉकहीड दोनों ने कहा है कि वे इंजन में लगने वाली टर्बाेमशीन के लिए किसी स्रोत से उपकरण मंगाएंगे।

