Site icon Buziness Bytes Hindi

delhi liquor scam: CM केजरीवाल रविवार को सभी मंत्रियों और पंजाब के CM के साथ जाएंगे CBI आफिस

arvind

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल रविवार को दिल्ली आप सरकार के सभी मंत्री, सांसद और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ सीबीआई मुख्यालय जाएंगे। कल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली शराब घोटाले कांड मामले में पूछताछ होगी।
सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ रविवार को आप सरकार के सभी मंत्री, सांसद और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सीबीआई मुख्यालय जाएंगे। जबकि इसके जवाब में भाजपा नेता राजघाट पर धरना देंगे। बता दें कि शुक्रवार को सीबीआई ने दिल्ली में कथित शराब घोटाले में पूछताछ के लिए दिल्ली सीएम को समन भेजकर रविवार को 11 बजे बुलाया है।

जब से सीबीआई का नोटिस सीएम केजरीवाल को भेजा गया है तब से दिल्ली में सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। आम आदमी पार्टी इसे केंद्रीय एजेंसी सीबीआई का दुरुपयोग बताते हुए आवाज को दबाने का आरोप लगा रही है। साथ ही कहा कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचारी हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। वहीं भाजपा और कांग्रेस का कहना है कि जब भ्रष्टाचार किया है तो सजा होगी ही।

इस मुद्दे पर आप की वरिष्ठ नेता व मंत्री आतिशी ने कहा कि भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले एकमात्र नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाकामी को पूरे देश के सामने ला रहे हैं, इसी कारण उन्हें सीबीआई ने बुलाया है। आप को परेशान करने के लिए केंद्र सरकार ने अपनी एजेंसियों का पूरी तरह से दुरुपयोग किया, लेकिन आज तक आम आदमी पार्टी के एक भी नेता, मंत्री या विधायक के खिलाफ एक रुपये के भ्रष्टाचार का सबूत भी सामने नहीं रख सकी।

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि अगर दिल्ली की शराब नीति खराब थी तो इसे पंजाब में लागू करने पर पंजाब सरकार का आबकारी राजस्व 40 फीसदी कैसे बढ़ गया। इस मामले में नीति में नहीं, भाजपा की नीयत में खोट है। अरविंद केजरीवाल बेदाग ईमानदारी के साथ आधुनिक समय के महात्मा गांधी हैं। अगर वे भ्रष्ट हैं तो इस दुनिया में कोई भी इंसान ईमानदार नहीं है। ईडी-सीबीआई ने मनगढ़ंत साक्ष्यों के आधार पर मुख्यमंत्री को समन भेजा है।

Exit mobile version