देहरादून। इस बार चारधाम यात्रा 2023, 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। अभी तक ढाई लाख श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
चारधाम यात्रा 2023 के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। इसका अंदाजा गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के गेस्ट हाउस बुकिंग और यात्रा पंजीकरण से लग रहा है। जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में अब तक लगभग पांच करोड़ रुपए की बुकिंग श्रद्धालुगण करा चुके हैं।
चारधाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू होगी। यात्रा केा लेकर उत्तराखंड सरकार की पूरी तैयारी है। 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में ऑनलाइन कमरों की बुकिंग कर रहे हैं। 16 फरवरी से 10 मार्च 2023 तक जीएमवीएन को पांच करोड़ रुपए की बुकिंग मिल चुकी है।
केदारनाथ के लिए 1.39 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा 2023 के लिए 2.50 लाख से अधिक श्रद्धालुगण रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। इसमें केदारनाथ धाम के लिए 1.39 लाख और बदरीनाथ धाम के लिए 1.14 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पर्यटन विभाग के मुताबिक चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है।
इस बार बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बनेगा। देश दुनिया से आने वाले तीर्थ यात्रियों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बेहतर व्यवस्था की जा रही है।

