Site icon Buziness Bytes Hindi

चन्नी ने उड़ाया सिद्धू का चैन, बनायेंगे चुनाव की रणनीति


चन्नी ने उड़ाया सिद्धू का चैन, बनायेंगे चुनाव की रणनीति

सिद्धू से नाराज बताये जा रहे हैं राहुल गांधी

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में मची घमासान खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। पहले सिद्धू और सीएम अमरिंदर के बीच जंग छिड़ी। इसके बाद कैप्टन ने इस्तीफा दिया और चन्नी ने सीएम की कुर्सी संभाली तो लगा कि सब ठीक हो जायेगा। मगर अब सिद्धू की तोप का रूख सीएम चन्नी की ओर मुड़ गया और उन्होंने सीएम के फैसलों पर बमबारी करनी शुरू कर दी।

नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर चन्नी सरकार की मुश्किलें बढ़ाई। हालांकि बाद में सिद्धू ने इस्तीफा वापस ले लिया मगर चन्नी पर हमला बोलना जारी रखा।

मगर कांग्रेस नेतृत्व ने एक फैसले से सिद्धू को चारो खाने चित कर दिया है। आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की रणनीति बनाने की जिम्मेदारी पूरी तरह से चरणजीत सिंह चन्नी को सौंप दी गयी है। नवजोत सिंह सिद्धू को पूरी तरह से किनारे कर पार्टी नेतृत्व ने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है।

सूत्रों की माने तो राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत से नाराज बताये जा रहे हैं। सीएम चन्नी से लेकर राहुल-प्रियंका गांधी तक के फैसलों पर सवाल खडे़ करने वाले सिद्धू के आये दिन बयान पार्टी को मुश्किल में डाल रहे थे। सिद्धू की नाराजगी और पार्टी नेतृत्व की उन्हें झेलने की मजबूरी को देखते हुए यह माना जा रहा था कि सिद्धू बतौर सुपर सीएम बनकर आने वाले विधानसभा चुनाव की बागडोर संभालेंगे। मगर हुआ उल्टा और पार्टी ने सिद्धू को ही किनारे बैठाकर चुनाव की कमान सिद्धू को सौंप दी।

राजनीतिक हलकों में चर्चा-ए-आम है कि कांग्रेस नेतृत्व का भरोसा पूरी तरह से सिद्धू पर से उठ गया है। लगातार दो सीएम का विरोध करने वाले सिद्धू के भरोसे बैठकर पार्टी चुनाव में नुकसान नहीं उठाना चाहती। हालांकि माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व के इस कदम से चन्नी और सिद्धू के बीच तकरार और बढ़ेगी और पंजाब कांग्रेस की मुश्किलें भी।

Exit mobile version