Site icon Buziness Bytes Hindi

Chandrayaan-3: चंद्रयान-3 ने ली चंद्रमा की तस्वीरें, चांद के और करीब पहुंचा अपना यान

au0702

Chandrayaan-3: चंद्रमा की तरफ बढ़ते चंद्रयान-3 ने धरती से चांद के बीच करीब दो-तिहाई से अधिक दूरी पूरी कर ली है। पांच अगस्त को चंद्रयान 3 ने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर लिया है। Chandrayaan-3 के चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने के बाद रविवार को इसरो ने वीडियो जारी किया। इस वीडियो में ‘Chandrayaan-3’ से ली चंद्रमा की तस्वीरें दिखाई हैं। इसरो ने वीडियो के साथ लिखा कि ‘Chandrayaan-3’ मिशन से चंद्रमा का नजारा, जब पांच अगस्त को Chandrayaan-3 को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जा रहा था।

चंद्रमा नीले हरे रंगों में

वीडियो के माध्यम से जारी तस्वीरों में चंद्रमा नीले हरे रंगों में दिखाई दे रहा है। चांद पर गड्ढे नजर आ रहे हैं। वीडियो रविवार देर रात होने वाले बड़े मनूवर (manoeuvre) से कुछ घंटे पहले का बताया गया है। इस बीच, भारतीय समयानुसार लगभग रात 11 बजे Chandrayaan-3 की कक्षा को घटाया गया। Chandrayaan-3 सफलतापूर्वक एक योजनाबद्ध कक्षा कटौती प्रक्रिया से गुजरा है। इंजनों की रेट्रोफायरिंग ने इसे चंद्रमा की सतह के करीब ला दिया। Chandrayaan-3 चांद की सतह से फिलहाल 170 किमी x 4313 किमी दूर है।

बीते दिन चंद्रमा की कक्षा में स्थापित

इससे पहले चंद्रमा की तरफ बढ़ते Chandrayaan-3 ने शुक्रवार को धरती से चांद के बीच की दो-तिहाई से अधिक दूरी तय कर ली थी। इसके एक दिन बाद पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर लिया। Chandrayaan-3 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था।

धीरे-धीरे चांद के करीब पहुंचेगा Chandrayaan-3

Chandrayaan-3 नौ अगस्त को दोपहर दो बजे के आसपास चंद्रमा की तीसरी कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा। इसके बाद 14 अगस्त और 16 अगस्त को इसे चौथी और पांचवीं कक्षा में पहुंचाने की कोशिश होगी।

चंद्रयान-3 का सफर?

15 जुलाई को Chandrayaan-3 ने सफलतापूर्वक पृथ्वी की पहली कक्षा में प्रवेश किया था। इसके बाद Chandrayaan-3 ने 17 जुलाई को दूसरी और 18 जुलाई को पृथ्वी की तीसरी कक्षा में प्रवेश किया। इसके बाद 20 जुलाई को Chandrayaan-3 ने पृथ्वी की चौथी और 25 जुलाई को पृथ्वी की पांचवीं कक्षा में प्रवेश किया था।

Exit mobile version