चंदौली। जिले के कोतवाली चकिया क्षेत्र में हुए हादसे में विधायक की स्कार्पियो डम्फर से टकरा गई। जिसमें विधायक को गंभीर चोटें आई हैं। उनको वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसा सिकंदरपुर गोल्हिया मोड़ के पास देर रात हुआ। जब डंपर और विधायक की स्कॉर्पियो की आमने सामने टक्कर हुई। घटना में चकिया विधानसभा से भाजपा विधायक कैलाश खरवार उनका गनर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विधायक और उनके गनर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन विधायक की हालत चिंताजनक होने के कारण ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
Read also: Youth In Army: युवाओं को सेना से जोड़ने के लिए पीएम मोदी करेंगे बड़ा ऐलान, ये है केंद्र का प्लान
जानकारी के अनुसार चकिया से भाजपा विधायक कैलाश खरवार देर रात अपने घर जा रहे थे। वह जब सिकंदरपुर मोड़ के पास पहुंचे तो इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उनकी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। घटना में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में चकिया विधानसभा विधायक कैलाश खरवार और उनका गनर अनिल सरोज घायल हो गए। स्कार्पियो चालक व एक अन्य भी घायल हैं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को गाडी से बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। एएसपी चंदौली चिरंजीवी मुखर्जी ने बताया कि रात्री लगभग 1.30 बजे विधायक कैलाश खरवार स्कॉर्पियो से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गोल्हिया पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो गाड़ी डंपर से टकरा गई। जिसके उपरांत जानकारी होने पर एएसपी ऑपरेशन सीओ व कोतवाल चकिया मौके पर पहुंचे।
