चैंपियंस ट्रॉफी: जीत के साथ भारत का आगाज़, गिल का शतक, शमी का पंजा

फीचर्डचैंपियंस ट्रॉफी: जीत के साथ भारत का आगाज़, गिल का शतक, शमी...

Date:

चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे तगड़ी दावेदार भारतीय टीम ने आज पडोसी बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर जीत के साथ सफर की शुरुआत की. दिखने में तो यह एक बड़ी आसान सी जीत दिख रही है लेकिन बांग्लादेश टीम की भी तारीफ की जानी चाहिए जिसने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बेहद खराब शुरुआत के बाद एक ठीक ठाक टोटल खड़ा किया जिसमें तौहीद हृदोय का शानदार शतक भी शामिल था और बाद में उसके स्पिनर्स ने भी टीम इंडिया के बल्लेबाज़ों की अच्छी परीक्षा ली और मैच को 47 ओवर तक घसीटकर ले गए. भारत की तरफ से शुभमण गिल ने जहाँ शतक जड़ा वहीँ मोहम्मद शमी ने टीम में वापसी करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी के पहले ही मैच में पंजा खोल दिया।

इस जीत के बाद टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुँचने के लिए अब सिर्फ एक मैच और जीतना है, उसने पाकिस्तान और न्यूज़ीलैण्ड के खिलाफ होने वाले आगामी मैचों में से एक में भी जीत हासिल कर ली तो वह आसानी से अंतिम चार में पहुँच जाएगी। हालाँकि भारतीय टीम दोनों ही मैच जीतने की पूरी कोशिश करेगी। दुबई की पिच पारम्परिक रूप से स्पिनर्स की मदद करती है लेकिन इस मैच में टीम इंडिया के पेसर छाये रहे. मोहम्मद शमी ने जहाँ पांच विकेट हासिल किये वहीँ अपना पहला चैंपियंस ट्रॉफी मैच खेलने वाले हर्षित राणा को तीन विकेट मिले, दो विकेट अक्षर पटेल के हिस्से में आये.

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया लेकिन नजमुल हसन शान्तो का यह फैसला उस समय गलत साबित हुआ जब उसके पांच विकेट 35 रनों पर पवेलियन लौट चुके थे लेकिन यहाँ से तौहीद और जाकिर अली ने एक लम्बी साझेदारी करके टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। दोनों के बीच 154 रनों की साझेदारी हुई. एक समय तो ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश की टीम स्कोर आसानी से 250 पार कर जाएगी लेकिन तौहीद की मांसपेशियों में खिंचाव आने के कारण वो सही बल्लेबाज़ी करने में खुद को असमर्थ पा रहे थे, यहाँ तक कि कई बार वो दर्द से कराहते हुए मैदान पर लेट गए, इसी वजह से उनकी रनिंग ख़राब हुई जिसने बांग्लादेश के स्कोर पर काफी ख़राब असर डाला, हालाँकि इसके बावजूद वो अपना शतक पूरा करने में कामयाब हुए और आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज़ रहे. जाकिर अली ने भी उम्दा बल्लेबाज़ी की और 68 रनों की पारी खेली।

टीम इंडिया ने 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करना तेज़ी से शुरू किया। कप्तान रोहित शर्मा लय में नज़र आये और आउट होने से पहले 36 गेंदों में सात चौकों की मदद 41 रन बनाये। विराट कोहली एकबार फिर नाकाम रहे और 22 रन ही बना सके. श्रेयस और अक्षर पटेल भी जल्दी ही लौट गए. भारत का चौथा विकेट 144 रनों पर गिरा लेकिन इसके बाद शुभमण गिल और केएल राहुल ने मैच को बिना किसी जल्दबाज़ी के निकाला। गिल ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपने पहले ही मैच में सैकड़ा जड़ दिया वहीँ राहुल ने राहुल ने 41 रनों की नाबाद पारी खेली। बांग्लादेश के लिए रिशद होसिअन ने दो विकेट हासिल किये. मुतफिज़ुर और तस्कीन को एक एक विकेट मिला।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

सोशल मीडिया से आतंक की साजिश तक! कासगंज में ATS का शिकंजा, 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी के संपर्क में होने...