अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन को लोग ज़्यादा से ज़्यादा देखें इसके लिए सरकार ने आज एक बड़ा फैसला किया है. इस फैसले के तहत केंद्र सरकार के अंडर आने वाले सभी ऑफिस और सभी संस्थानों में 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक छुट्टी रहने का आदेश जारी किया गया है. सरकार का मानना है कि देशवासी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा सीधा प्रसारण देखना चाहते हैं, प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रसारण को लाइव देखने का अनुरोध भी किया था. बता दें कि 22 जनवरी को आम लोगों के लिए अयोध्या आने की मनाही है, पीएम मोदी ने खुद लोगों से अपील की थी 22 जनवरी को लोग घरों में रहें और शाम को राम ज्योति ज़रूर जलाएं।
कहा जा रहा है कि केंद्रीय कर्मचारियों के अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पूरे देश में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी को आधे दिन की बंदी की घोषणा की है। उधर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पौष शुक्ल कूर्म द्वादशी को की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सभी शास्त्रीय परंपराओं का पालन करते हुए अभिजीत मुहूर्त में संपन्न कराया जाएगा। बता दें कि प्राण प्रतिष्ठा के पहले शुभ संस्कारों का प्रारंभ 16 जनवरी से जारी शुरू किया जा चुका है। कल राम मंदिर परिसर में राम लला की प्रतिनिधि मूर्ती का प्रवेश हो चुका है.
बता दें कि राम मंदिर में भगवान् राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। इस समारोह में 7000 से अधिक साधु-संत भी शामिल होंगे, इसके अलावा, मुकेश अंबानी, गौतम अदाणी, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली समेत कई लोग समारोह में शामिल होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कार सेवकों के परिजनों और सुप्रीम कोर्ट के रिटायर चीफ जस्टिस समेत कई गणमान्य लोगों को निमंत्रण भेजा है।
