Site icon Buziness Bytes Hindi

केंद्र के सहयोग से राज्य में चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने में बहुत मदद मिली: सीएम योगी


केंद्र के सहयोग से राज्य में चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने में बहुत मदद मिली: सीएम योगी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदान किए जा रहे मार्गदर्शन के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सहयोग से राज्य में चिकित्सा इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने में बहुत मदद मिली है। इस समय प्रदेश में लेवल-1, लेवल-2, लेवल-3 के कुल 503 कोविड अस्पताल क्रियाशील हैं। इन अस्पतालों में कुल 01 लाख 01 हजार 236 बेड उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रीगण के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में कोविड-19 के संक्रमण की जांच के लिए 05 लाख से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। वर्तमान में कोविड-19 के संक्रमण से सम्बन्धित प्रतिदिन लगभग 16,000 टेस्ट किए जा रहे हैं। 20 जून, 2020 तक इसे बढ़ाकर 20,000 किए जाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि दिल्ली एवं उससे सटे जनपदों के लिए एक समग्र नीति बनायी जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निरन्तर आवागमन होता रहता है। इसके दृष्टिगत कोविड-19 के संदिग्ध तथा लक्षणरहित संक्रमित व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित लक्षणरहित मामलों को होम क्वारंटीन में रखने पर, जरूरी अनुशासन का पालन सम्भव नहीं हो पाता। इससे संक्रमित के परिजनों को संक्रमण के जोखिम के साथ ही, परिवार के सम्पर्क में आये अन्य व्यक्तियों के माध्यम से इन्फेक्शन के प्रसार की आशंका बनी रहती है। प्रदेश में उपलब्ध एक लाख से अधिक कोविड बेड का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री जी से कोविड-19 के संक्रमण की चेन तोड़ने व इसके प्रसार पर नियंत्रण के लिए लक्षणरहित कोविड-19 पाॅज़िटिव मरीजों को कोविड अस्पतालों में रखे जाने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया।

Exit mobile version