नई दिल्ली: सीबीएसई ने कहा कि कक्षा 10वीं और 12वीं के शैक्षणिक सत्र 2021-22 को दो भागों विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक सत्र में लगभग 50 फीसदी सिलेबस रखा जाएगा. नए फैसले के अनुसार 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं अब साल में दो बार होंगी. पिछले सत्र की तरह 2021-22 के सिलेबस में भी कटौती की जाएगी. इसे लेकर इस महीने नोटिफिकेशन जारी की जाएगी.
सीबीएसई के मुताबिक 2021-22 शैक्षणिक सत्र को सिस्टेमिक एप्रोच के आधार पर दो भागों में बांटा गया है. बंटे हुए सिलेबस के आधार पर ही सीबीएसई साल में दो बार परीक्षा आयोजित करेगा. सीबीएसई ने विस्तृत बयान जारी कर कहा कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि शैक्षणिक सत्र के अंत तक 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कराने की संभावनाएं बनी रहें. शैक्षणिक सत्र के लिए हालांकि स्कूलों को बोर्ड द्वारा जारी पाठ्यक्रम और सिलेबस का ही पालन करना होगा. स्कूलों के पास यह विकल्प होगा कि वह वैकल्पिक एकेडेमिक कैलेंडर का उपयोग करें और पाठ्यक्रम को लागू करने के लिए NCERT से इनपुट ले सकते हैं.
सीबीएसई बोर्ड ने यह भी कहा है कि इंटरनल असेसमेंट/ प्रेक्टिकल/प्रोजेक्ट वर्क को ज्यादा विश्वसनीय बनाने के प्रयास किए जाएंगे. साथ ही यह सभी को समान अंक वितरण के लिए घोषित दिशानिर्देश और मोडरेशन पॉलिसी के अनुसार वैध होंगे.

