मेरठ। उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में डेंगू का खतरा मंडरा रहा है। आंकड़ों के अनुसार मेरठ जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 187 हो चुकी है। ग्रामीण इलाकों से अधिक डेंगू मरीज शहरी इलाकों में मिल रहे हैं। डेंगू के पांव पसारने से चिंतित स्वास्थ विभाग ने लोगों से अपने घर और आसपास सफाई रखने और गंदा पानी जमा न होने देने की अपील की है। स्वास्थ विभाग की टीमें लगातार फाॅगिंग और एंटी लारवा स्प्रे करने का कार्य कर रही हैं।
मेरठ महानगर में डेंगू के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शनिवार को 17 नये मरीज मिलने के बाद कुल डेंगू मरीजों की संख्या 150 से अधिक हो गयी। डेंगू के 75 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं और फिलहाल 84 एक्टिव केस रह गये। मगर सोमवार तक डेंगू मरीजों का आंकड़ा 187 हो गया। चिंता की बात यह है कि वर्तमान में अनेक मरीज ऐसे हैं जिन्हें बुखार है और वह वायरल फीवर का उपचार करा रहे हैं। अधिकतर लोग बुखार होने पर खुद ही मेडिकल स्टोर से दवा लेकर अपना इलाज खुद ही शुरू कर देते हैं। ऐसे में डेंगू मरीजों की संख्या अधिक होने की आशंका है।
Read also: मप्र में अब शुरु हुई डेंगू से जंग
डेंगू के कुल मरीजों में से 80 प्रतिशत मरीज शहर के पिछड़े इलाकों में मिले हैं। मेरठ का मलियाना क्षेत्र डेंगू से सर्वाधिक पीड़ित है जहां 42 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ विभाग के आंकड़ों के अनुसार 187 डेंगू मरीजों में से 121 मरीज शहरी क्षेत्र से हैं।
सीएमओ मेरठ ने बताया कि डेंगू मरीज की पहचान होने के बाद उसके नजदीक के 50 घरों की जांच स्वास्थ विभाग की टीम करती है। डेंगू मरीज के घर के आसपास फाॅगिंग और एंटी लारवा स्प्रे भी कराया जाता है। लोगों को घर और आसपास के क्षेत्र में सफाई रखने, गंदा पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
Read also: वायरल बुखार, डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट : नीतीश
डेंगू के दिखे लक्षण तो बरते सावधानी
डेंगू के प्रकोप से बचने के लिये खुद भी सावधानी बरतना जरूरी है। कूलर, पुराने टायर, गड्ढों या बर्तन आदि में पानी जमा न होने दें क्योंकि डेंगू मच्छर का लार्वा इन्हीं जगहों पर पनपता है। बुखार, बदन दर्द, भूख में कमी आना, जोड़ों में दर्द होना या त्वचा पर चकत्ते व खुजली होना डेंगू के सामान्य लक्षण हैं। तेज बुखार, गफलत होना, आंखों के सामने अंधेरा छाना, ब्लड प्रेशर व प्लेटलेट का कम होना, धड़कनें असंयमित होना, लिवर व किडनी में सूजन आना डेंगू के गंभीर लक्षण हैं। ऐसा कोई भी लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श कर डेंगू की जांच करायें।

