हरिद्वार- अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य के परिवार के सदस्यों की कलई अब धीरे-धीरे खुलने लगी है. पुलकित आर्य के पिता भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य (Vinod Arya) अपने ही नौकर के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के आरोप में फस गए हैं. उन पर उनके ही नौकर ने कुकर्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. विनोद आर्य के नौकर ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य मालिश कराने के बहाने उनके साथ अश्लील हरकत करते थे. यही नहीं नौकर ने पिछले दिनों विनोद आर्य पर उसे बुलाकर कुकर्म करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है.
मालिश कराने के शौकीन भाजपा नेता
कोतवाली ज्वालापुर में रोहन कांबोज लिखित तहरीर पर पूर्व राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार, विनोद आर्य के खिलाफ दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला दर्ज कराया है. रोहन, विनोद आर्य के यहां ड्राइवर का काम करता है. रोहन ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य ने मालिश कराने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया. रोहन ने पूर्व राज्य मंत्री और बीजेपी नेता विनोद आर्य पर मारपीट व गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया. उसने बताया कि उसे सहारनपुर में जान से मारने की नियत से गाड़ी को टक्कर मरवाकर घायल किया गया. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ज्वालापुर कोतवाली में आईपीसी की धारा 742/2022 377,511,307,323,504,506 मैं मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने नहीं सुनी पीड़ित की शिकायत
पीड़ित ने बताया कि यह मामला 20 नवंबर का है. 2 दिसंबर को पीड़ित अपनी शिकायत को लेकर ज्वालापुर कोतवाली गया था. लेकिन पुलिस ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. जिसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों के बाद एसएसपी हरिद्वार ने ज्वालापुर कोतवाल को फटकार लगाते हुए मामला दर्ज करने के आदेश दिए.
