Site icon Buziness Bytes Hindi

शाह से मिले कैप्टन, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज


शाह से मिले कैप्टन, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज

पंजाब सीएम के पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे पूर्व सीएम

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में चली उठापटक के बाद सीएम पद से इस्तीफा देने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की तो उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गयीं। हालांकि कैप्टन का कहना है कि किसानों के विषय में चर्चा हुई। वहीं भाजपा सूत्रों का कहना है कि सभी विकल्प खुले हैं।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पद से इस्तीफा देने के बाद दिल्ली की ओर रूख किया तो उनके भाजपा का दामन थामने की अटकलें तेज हो गयीं। बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे कैप्टन को लेकर चर्चाओं को बल मिलता दिखा। हालांकि अमित शाह के साथ एक घंटा बैठक करने वाले पूर्व सीएम ने ट्वीट कर कहा है कि गृह मंत्री से उनकी वार्ता में किसान आंदोलन को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने गृह मंत्री से कृषि कानूनों को रद कर एमएसपी की गारंटी किसानों को देने का आग्रह किया है।

सिद्धू का इस्तीफा प्रियंका गांधी के लिए झटका?

कैप्टन ने इस बैठक को भले ही सामान्य बताया हो लेकिन पंजाब की राजनीति में आई उथल-पुथल के बीच उनका गृहमंत्री से मुलाकात करना कुछ और ही संकेत दे रहा है। भाजपा सूत्रों का भी कहना है कि भाजपा भी कैप्टन के साथ कार्य करने की इच्छुक है। लेकिन उससे पहले किसानों से जुडे़ मुद्दों पर एकराय होना जरूरी है।

सिब्बल के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

गौरतलब है कि पंजाब सीएम पद से हटाये जाने पर अमरिंदर सिंह खुद को अपमानित महसूस कर रहे थे। उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी के अनुभव पर भी सवाल उठा कर पार्टी नेतृत्व से अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। कैप्टन ने उस समय यह भी कहा था कि उनके सामने कई विकल्प खुले हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि पंजाब विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने से पूर्व ही कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में विदाई की शहनाई बजा कर ढोल-नगाड़ों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

Exit mobile version