नई दिल्ली। गुजरात के जिला मोरबी में केबल ब्रिज गिरने का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शीर्ष अदालत में घटना को लेकर एक याचिका दायर की है। याचिका में मामले की जांच शुरू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में न्यायिक आयोग के गठन का तुरंत निर्देश देने की मांग की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरबी में पुल हादसे को लेकर गत सोमवार को गांधीनगर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने हादसे के बारे में पूरी जानकारी ली और घायलों की मदद करने का निर्देश दिया। पीएम मोदी ने बैठक में कल दो नवंबर को प्रदेश में राजकीय शोक घोषित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बचाव एवं राहत प्रयासों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने का निर्देश दिए हैं।
वहीं मच्छु नदी पर केबल पुल के गिरने से हुई लोगों की मौत मामले में पुलिस ने अभी तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य लोगों की तलाश देर रात तक कभी जारी रही। हादसे में भाजपा सांसद मोहन कुंडारिया के 12 रिश्तेदारों की भी मौत हो गई।
पीएम मोदी आज मंगलवार को मोरबी जाएंगे। जहां वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने अपना रोड शो रद कर दिया था। कांग्रेस ने अपनी परिवर्तन यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी थी। कई नेता पीड़ितों से मिलने के लिए मोरबी पहुंच रहे हैं।
राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक यादव ने कहा कि हादसे की जांच को एसआईटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में ओरेवा कंपनी के दो मैनेजर, दो क्लर्क, दो कान्ट्रैक्टर और तीन सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं।
Cable Bridge Accident: केबल ब्रिज हादसा मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, पीएम मोदी आज करेंगे मोरबी का दौरा
