Site icon Buziness Bytes Hindi

दीपावली पर बाजार हुए गुलजार, उमड़े खरीदार

मेरठ। कोरोना संक्रमण के चलते बुरे दिनों का सामना कर रहे बाजार को दीपावली के त्योहार के रूप में संजीवनी मिल गयी है। दीपावली को जोर-शोर से मनाने के लिये उत्साहित ग्राहको की भीड़ बाजारों में उमड़ रही है। इस समय आभूषणों से लेकर रेडीमेड गारमेंट, बर्तनों की दुकानों तक ग्राहकों की कतारें लगी हुई है। वहीं लंबे अरसे बाद बाजार में उमड़े ग्राहकों को देखकर दुकानदारों के चेहरे भी खिल गये हैं। उन्हें उम्मीद है कि दीवावली का पर्व बाजार की पुरानी रौनक को लौटा देगा।

दीपावली के पर्व पर बाजार गुलजार हो रहे हैं। आबूलेन, बेगमपुल, सर्राफा, शास्त्रीनगर, लालकुर्ती सहित महानगर के प्रमुख बाजार ग्राहकों से भरे पड़े हैं। कोरोना संक्रमण के चलते आठ माह से ग्राहकों के लिये तरस रहे दुकानदार बाजार में भीड़ को देखकर उत्साहित हैं। दीपावली पर घर को सजाने के लिये बंदनवार, दीये, कंडील, लाइटें आदि की खरीदारी जमकर की जा रही है।


दीपावली को लेकर खासतौर पर उत्साहित महिलाएं लकड़ी के फ्रेम से लेकर पेपर कटिंग कंडील और गुलदस्ते और फुटबाल नुमा कंडील को भी बेहद पसंद कर रहीं हैं। वहीं गुलदस्ते वाली लाइटें भी लोगों के मन को लुभा रहीं हैं।


आभूषण और ऑटोमोबाइल बाजार को मिली संजीवनी
दीपावली के पर्व ने आभूषण और ऑटोमोबाइल बाजार में फिर से जान फूंक दी है। निराशाजनक स्थिति से उबरकर आभूषण बाजार की रौनक फिर से लौट आयी और ग्राहकों ने आभूषणों की खरीदारी जमकर की। धनतेरस व दीपावली पर सोने-चांदी की खरीदारी शुभ माना जाता है। सोना महंगा होने के बावजूूद ग्राहकों का ज्वैलरी खरीदने के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ। धनतेरस के पहले ही ग्राहकों ने सोना-चांदी, नग व अन्य आभूषण की बुकिंग भी करवा रखी है। ग्राहक आभूषणों के साथ चांदी के लक्ष्मी गणेश, सिक्के और नोट की खरीदारी भी कर रहे हैं।। वहीं ऑटोमोबाइल बाजार की रफ्तार ने अचंभित कर दिया। कोरोना संक्रमण के चलते ऑटोमोबाइल सेक्टर में मंदी की आशंका जताई जा रही थी। मगर रिकार्डतोड़ बिक्री के यह हाल है कि पहले से बुक हुए वाहनों की धनतेरस पर भी डिलिवरी हो पानी संभव नहीं दिख रही। कारों से लेकर दोपहिया वाहनों की बिक्री जोर-शोर से हो रही है।


वहीं रेडीमेड गारमेंट का बाजार भी खूब फल-फूल रहा है। ब्रांडेड कंपनियां भी कपड़ों की खरीदारी पर विशेष छूट दे रहीं हैं। वहीं धनतेरस पर बर्तनों की बिक्री भी बढ़ने की उम्मीद दुकानदारों को है। बर्तन बाजार भी धनतेरस पर्व पर विभिन्न आॅफर्स देकर ग्राहकों को लुभाने का हरसंभव प्रयास कर रहा है। दोपहर से शुरू हुई ग्राहकों की भीड़ देर रात तक छटने का नाम नहीं ले रही है।


Exit mobile version