नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भूटान के प्रधानमंत्री डा़ लोटे शेरिंग ने आज दोनों देशों के बीच महत्वाकांक्षी रूपे परियोजना के दूसरे चरण की शुरूआत की।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने रूपे परियोजना के दूसरे चरण की शुरूआत वर्चुअल माध्यम से की और इसे दोनों देशों के बीच विशेष संबंधों का प्रतीक करार दिया। इस परियोजना के दूसरे चरण के शुरू होने के बाद भूटान के नेशलन बैंक द्वारा जारी किये गये रूपे कार्ड से भूटान के नागरिक भारत में किसी भी तरह का भुगतान कर सकेंगे। परियोजना के पहले चरण में भारतीय बैंकों द्वारा जारी किये गये रूपे कार्ड से भूटान में भुगतान की सुविधा की शुरूआत की गयी थी। पहले चरण की शुरूआत श्री मोदी की पिछले वर्ष अगस्त में भूटान यात्रा के दौरान की गयी थी।
श्री मोदी ने कहा कि अब भूटान के नागरिक अपने देश के रूपे कार्ड से भारत में एक लाख से अधिक एटीएम और 20 लाख से अधिक प्वाइंट ऑफ सेल्स मशीनों पर भुगतान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे भूटान के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य , तीर्थयात्रा और पर्यटन के क्षेत्र में भुगतान करने की विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत रूपे नेटवर्क में भूटान का पूर्ण साझीदार के रूप में स्वागत करता है।

