डोईवाला। दिल्ली से देहरादून आ रही प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई है। जिसमें चार लोग को गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें 108 आपातकालीन सेवा की सहायता से ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। मामला बुधवार आज सुबह पांच बजे का बताया जा रहा है। दुर्घटना का कारण प्रथम दृष्टया ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। जिस कारण से मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ड्राइवर विकास कुमार निवासी राजस्थान व कंडक्टर राजेश कुमार निवासी हरियाणा को चोट नहीं आयी है।
पुलिस कर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला है। जब 112 के माध्यम से पुलिस को बस पलटने की सूचना मिली तो लालटप्पड़ पुलिस चौकी इंचार्ज विकेंद्र कुमार तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके पर बस में यात्रियों की चीख-पुकार मची हुई थी। जिस पर पुलिस कर्मियों ने पलटी बस में किसी तरह से ऊपर चढ़कर बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें जल्दी से जल्दी अस्पताल भेज दिया।
Read also: Terrorist Conspiracy: एटीएस के हत्थे चढ़ा आईएसआईएस आतंकी, स्वतंत्रता दिवस पर विस्फोट की साजिश नाकाम
लालटप्पड चौकी इंचार्ज विकेंद्र कुमार ने बताया कि इंडिया टूर एंड ट्रेवल्स की निजी बस है। जो दिल्ली से देहरादून आ रही थी। लालटप्पड़ में फन वैली के पास मोड पर ये बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दिल्ली से बस में कुल 25 यात्री सवार हुए थे। जिसमें से सात सवारी हरिद्वार व तीन नेपाली फार्म में उतरने के पश्चात दुर्घटना के समय बस में ड्राइवर कंडक्टर के अलावा 15 यात्री सवार थे।बस पलटने के बाद घायल सारिका नेगी टिहरी गढ़वाल, मनीषा रावत मोहिनी रोड देहरादून, अभिजीत भीलवाड़ा राजस्थान, शिखा थापा राजपुर रोड देहरादून, दिनेश राजस्थान को एम्स ऋषिकेश भेजा गया। इसके अलावा आंशिक रूप से घायल शिवानी गर्ग मसूरी, निशांत सिंह फरीदाबाद का मौके पर उपचार किया गया। इसी के साथ सुरक्षित लोग को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।
