लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र नई बुलन्दियों को छूते हुए स्वर्ग बनेगा। बुन्दलेखण्ड में ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना के अन्तर्गत शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। अब यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना होगा।
मुख्यमंत्री ने यह विचार राजकीय इण्टर कॉलेज, बांदा में चित्रकूटधाम मण्डल की 924 करोड़ रुपयेे की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के उपरान्त, इस अवसर पर आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि विगत दो दिन में बुन्देलखण्ड क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की गयी हैं। अब विकास की योजनाएं धरती पर उतर रही हैं। प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से इस क्षेत्र की पेयजल योेजनाएं भी शीघ्र पूर्ण हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनपद चित्रकूट में रसिन बांध तथा चिल्लीमल योजना का लोकार्पण किया गया है। जनपद महोबा में 2,600 करोड़ रुपये की लागत से बनायी जा रही अर्जुन सहायक परियोजना का कार्य शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ाने के लिए चित्रकूट तथा झांसी से शीघ्र ही वायु सेवाएं प्रारम्भ करायी जाएंगी। मुख्यमंत्री जी ने लोगों से अपील की कि 60 वर्ष की आयु से ऊपर के व्यक्ति कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं तथा सरकार द्वारा 60 वर्ष की आयु से ऊपर के व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन निःशुल्क लगायी जा रही है।

