Site icon Buziness Bytes Hindi

बुलंदशहर : लॉकडाउन के बीच पूर्व प्रधान की गोलियां भूनकर हत्या


बुलंदशहर : लॉकडाउन के बीच पूर्व प्रधान की गोलियां भूनकर हत्या

बुलंदशहर। कोतवाली देहात का यमुनापुरम इलाका देर रात उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा जब स्कोर्पियो सवार 4 बदमाशों ने जड़ौल गांव के पूर्व प्रधान को गोलियों से छलनी कर डाला। बदमाश तब तक गोलियां बरसाते रहे जब तक पूर्व प्रधान की सांसे थम नहीं गई। पुलिस के मुताबिक मृतक खुद भी पूर्व हिस्ट्रीशीटर था। मगर यूपी में आज भी बदमाशों के हौंसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बेखौफ बदमाशों ने इस घटना को बुलंदशहर की सबसे पॉश कॉलोंनी और सपा सरकार में राज्य मंत्री रही हितेश कुमारी के घर के सामने अंजाम दिया दिया।

बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र में बदमाशों ने कार सवार जड़ौल के पूर्व प्रधान संजय की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। एसएसपी सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए 6 टीमों का गठन किया गया है, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से पुलिस जल्द हमलावरों तक पहुंच जाएगी। हमलावरों ने मृतक संजय को एक दर्जन से ज्यादा गोलियां मारी और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना को सपा सरकार में राज्य मंत्री रही हितेश कुमारी के घर के सामने अंजाम दिया गया। बुलंदशहर पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से दावा किया गया कि मृतक संजय पूर्व में थाना खानपुर का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस के मुताबिक मृतक पर लूट, डकैती और हत्या जैसे कई मामले भी दर्ज थे। घटना सोमवार देर रात की है जब यमुनापुरम कॉलोनी में पूर्व मंत्री हितेश कुमारी के घर के सामने स्कोर्पियो कार में सवार होकर आए 4 हमलावरों ने कार सवार पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। जिसमें पूर्व प्रधान संजय की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि लॉक डाउन के दरमियान फिल्मी अन्दाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व प्रधान की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी समेत जनपद के तमाम अधिकारी मौके पर पहुँच गए।

फिलहाल कोतवाली देहात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं लॉकडाउन के बीच बुलंदशहर की सबसे पॉश कॉलोंनी में पूर्व मंत्री के घर के सामने हमलावरों ने जिस तरह ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व प्रधान को मौत के घाट उतारा है उसके बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लाजमी हैं। वहीं वारदात के बाद आईजी प्रवीण कुमार ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। मृतक के भांजे कपिल ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद को कारण बताया है और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Exit mobile version