नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्ध इंटरनैशनल सर्किट (Buddh International Circuit) में बने फॉर्म्युला-1 रेसिंग ट्रैक पर रेस में भाग लेने आये दिल्ली निवासी निखिल चौधरी एक करोड़ रुपये की कार में आग लग गई। कार से आग की लपटे निकलती देख निखिल चौधरी और उसके साथी ने दूसरी साइड की खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी है।
Read also: नोएडा, ग्रेटर नोएडा रियल्टरों ने सुप्रीम कोर्ट से कहा, घर खरीदारों को कम ब्याज का लाभ देंगे
यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे स्थित फॉर्म्युला-1 रेसिंग ट्रैक पर प्रत्येक रविवार को बाइक और कार की रेस होती है। रेस में शामिल होने के लिए नोएडा समेत एनसीआर के कई शहरों से युवक महंगी बाइक और कार लेकर आते हैं। इस रविवार को भी ट्रैक पर रेस का आयोजन किया था। इसमें भाग लेने के लिए दिल्ली के बदरपुर निवासी निखिल चौधरी अपने दोस्त के साथ मर्सिडीज कार लेकर आए थे।
Read also: एशियाई खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक साथ आए एस्पोर्ट्स फेड और आईनॉक्स
निखिल चौधरी ने बताया कि जब वह स्पोर्ट्स सिटी के अंदर गोल चक्कर के पास पहुंचे तो अचानक कार के आगे एक पशु आ गया। इसके चलते तेज रफ्तार कार असंतुलित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। कार के इंजन से धुंआ और आग की लपटें निकलने लगी। जब उन्होंने बाहर निकलने के लिए अपनी साइड वाली खिड़की खोलनी चाही तो वह नहीं खुल सकी। आग की लपटें बढ़ती देख उसने अपने साथ बैठे एक साथी के साथ दूसरी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
निखिल ने बताया कि करीब 10 दिन पहले ही रेसिंग के लिए उन्होंने एक करोड़ रुपये की मर्सिडीज की टॉप मॉडल कार खरीदी थी, इस बारे में दनकौर कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि स्पोर्ट्स सिटी के अंदर हादसे की सूचना मिली है, लेकिन पीड़ित की तरफ से कोई लिखित शिकायत अभी प्राप्त नहीं हुई है।

