Site icon Buziness Bytes Hindi

बसपा सांसद दानिश अली कांग्रेसी हुए, अमरोहा से बनेंगे उम्मीदवार!

danish ali

पहले चरण का नामांकन शुरू होते ही कांग्रेस पार्टी में आज पार्टी जोइनिंग करने वालों का तांता लग गया. आज पहले नंबर पर झारखण्ड के मांडू विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी के मौजूदा विधायक जय प्रकाश भाई पटेल ने कांग्रेस पार्टी जॉइन की. उसके बाद बिहार के पप्पू यादव अपनी पूरी पार्टी समेत कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए, उसके बाद जम्मू कश्मीर से चौधरी लाल सिंह अपनी पार्टी ‘डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी’ के साथ कांग्रेस में शामिल हुए और फिर अमरोहा से बसपा सांसद दानिश अली जिनके काफी दिनों से कांग्रेस में आने की बातें हो रही थीं, आधिकारिक रूप से हाथ का साथ पकड़ा।

दानिश अली के औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी में आने से अब अमरोहा लोकसभा सीट के लिए उनकी उम्मीदवारी लगभग पक्की मानी जा रही है। दानिश अली ने 2019 में अमरोहा सीट से बसपा के टिकट पर भारी बहुमत से कामयाबी हासिल की थी. कह सकते हैं उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को एक नया मुस्लिम चेहरा मिला है. दानिश अली काफी तेज़ तर्रार नेता हैं और अच्छा भाषण भी दे लेते हैं। लोकसभा में सदन की कार्रवाई के दौरान उन्हें जितना भी मौका मिलता था वो मज़बूती से अपने मुद्दे उठाते थे.

दानिश अली के कांग्रेस पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होने से उन लोगों को ज़रूर निराशा हुई होगी जो अमरोहा से अपने को उम्मीदवार के रूप में देख रहे थे जिसमें यूपी कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष शाहनवाज़ आलम भी थे जो इस दौरान अपने लिए काफी पैरवी कर रहे थे और मीडिया में अपनी उम्मीदवारी मज़बूत दिखाने के लिए खबरे भी चलवा रहे थे. हालाँकि दानिश अली की अमरोहा से उम्मीदवारी का एलान अभी नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी आला कमान से बातचीत हो जाने के बाद ही बसपा सांसद ने ये फैसला लिया होगा।

Exit mobile version