Site icon Buziness Bytes Hindi

ब्रेक्जिट ट्रेड डील को ब्रिटेन की संसद ने दी मंजूरी


ब्रेक्जिट ट्रेड डील को ब्रिटेन की संसद ने दी मंजूरी

लंदन: ब्रिटेन की संसद ने बुधवार को ब्रेक्जिट करार को 73 के मुकाबले 521 मतों से मंजूरी दे दी. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूरोपीय संघ (EU) से अलग होने के तहत हुए मुक्त व्यापार समझौता (FTA) को संसदीय मंजूरी दिलाने के लिए क्रिसमस की छुट्टियों के बाद बुधवार को संसद का सत्र बुलाया था ताकि अगले साल एक जनवरी को ईयू से भविष्य में होने वाले संबंधों के लिए प्रभावी हो रहा कानून संसदीय मंजूरी के साथ सभी बाधाएं पार कर जाए.

ब्रेक्जिट के लिए 31 दिसंबर तक की समय सीमा से महज कुछ समय पहले बनी सहमति के बाद 80 पन्नों का विधेयक संसद में पेश किया गया. इस पर पहले हाउस ऑफ कॉमन्स में सांसदों ने चर्चा की और उसके बाद विधेयक पर हाउस ऑफ लार्ड में चर्चा हुई. जॉनसन ने सांसदों से ‘ऐतिहासिक विधेयक’ का समर्थन करने का आह्वान किया था.

उन्होंने कहा कि यह ब्रिटेन की यूरोपीय पड़ोसियों के साथ दरार नहीं बल्कि समाधान है. दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक को ब्रिटेन की रानी के पास भेजा जाएगा ताकि उनकी मंजूरी मिल सके. जॉनसन ने हाउस ऑफ कामन्स में अपने शुरुआती भाषण में कहा कि वे दरार नहीं चाहते बल्कि समाधान चाहते हैं.

Exit mobile version