Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल से रिटायर्ड हर्ट हुए ब्रावो


आईपीएल से रिटायर्ड हर्ट हुए ब्रावो

आईपीएल के 13वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स को एक और झटका लगा है. टीम के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो भी ग्रोइन इंजुरी की वजह से लीग से बाहर हो गए हैं. 17 अक्टूबर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले के बीच में ही ब्रावो मैदान से बाहर चले गए थे.

इसके बाद उनकी मैदान पर वापसी नहीं हुई. इससे पहले चेन्नई के सीनियर प्लेयर्स सुरेश रैना और हरभजन सिंह ने निजी कारणों से मौजूदा टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया था. रैना और हरभजन की गैरमौजूदगी में टीम को कमजोर मिडिल ऑर्डर और कमजोर स्पिन गेंदबाजी के साथ मैदान पर उतरना पड़ा.

जडेजा ने डाला था आखिरी ओवर
दिल्ली के खिलाफ ब्रावो आखिरी ओवर डालने मैदान पर नहीं उतरे थे. दिल्ली को जीत के लिए 6 बॉल पर 17 रन की जरूरत थी. रविंद्र जडेजा ने टीम के लिए आखिरी ओवर डाला था, लेकिन जडेजा इसे डिफेंड नहीं कर पाए. चेन्नई इस मैच को 5 विकेट से हार गया था.

घर लौटेंगे ब्रावो
टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन के कहा कि ब्रावो ग्रोइन इंजुरी की वजह से बचे हुए मैचों के लिए टीम का हिस्सा नहीं होंगे. वे एक-दो दिन में वापस अपने घर रवाना होंगे. ब्रावो ने चेन्नई के लिए इस सीजन 6 मैच खेले और 2 पारियों में 7 ही रन बना सके और गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 6 विकेट चटकाए.

रैना-भज्जी की खली कमी
रैना और हरभजन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर सुरेश रैना और हरभजन सिंह चेन्नई टीम का अहम हिस्सा हैं और हमें उनकी कमी खली. लेकिन आपको खिलाडिय़ों के फैसले का सम्मान करना होता है. हम ऐसे ही काम करते हैं, फिर चाहे वह जूनियर प्लेयर्स हों या सीनियर.

चेन्नई की राह मुश्किल
सुपर किंग्स ने लीग में 10 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 3 में ही उसे जीत मिली हैं, जबकि 7 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है. टीम की मौजूदा फॉर्म को देखें तो प्लेऑफ की रेस में वह दूर-दूर तक नहीं दिखाई देती. फिलहाल प्वॉइंट्स टेबल में चेन्नई 6 प्वॉइंट्स के साथ आखिरी स्थान पर है.

Exit mobile version