बरेली। बरेली की शाही जामा मस्जिद को बम से उड़ाने की धमकी दी है। इसी के साथ मस्जिद के इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम को जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में जामा मस्जिद के मुख्य द्वार के पास दीवार पर पोस्टर चिपकाया गया है। इसके बाद जामा मस्जिद की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। वहीं पुलिस ये पता लगाने की कोशिश में जुट गई है कि आखिर धमकी देने वाले हैं कौन। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं धमकी भरा पत्र किसी शरारती तत्व ने तो नहीं लिखा है। जिस इबारत से धमकी लिखी गई है। इसकी इबारत भी ठीक तरह से पढ़ी नहीं जा रही है। लेकिन धमकी की इबारत इस तरह है कि किसी भी जुमे को मस्जिद में बम रखा जाएगा। इस इमाम को निकाला जाए, मस्जिद से दूर रहें, खुर्शीद आलम को निकाला जाए, नहीं निकाला तो गोली पड़ेगी। इस मामले को मस्जिद इंतेजामिया कमेटी ने गंभीरता से लिया है। इस प्रकरण के बारे में मस्जिद के मुतवल्ली (प्रबंधक) डॉ. अब्दुल नफीस खां की ओर से थाना किला प्रभारी को तहरीर दी गई है। इस पर मस्जिद के मुतवल्ली ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं मुतवल्ली ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा है कि लोग शांति बनाए रखें। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उम्मीद है कि मस्जिद को बम से उड़ाने और इमाम खुर्शीद आलम को मारने की धमकी देकर दहशत का माहौल पैदा करने के आरोपियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। इमाम मुफ्ती खुर्शीद आलम ने बतया कि यह मामला देर रात के बाद का लगता है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऐसा धमकी भरा पोस्टर लगाया। उन्हें कई घंटे के बाद इसके बारे में पता चला है। जब किसी ने आकर बताया। मामले में उन्होंने कहा कि यह किसी की नादानी है और वह बरेली का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

