93वें ऑस्कर अवॉर्ड्स की रेस में भारत की ओर से भेजी गई आधिकारिक एंट्री ‘जल्लीकट्टू’ टॉप 15 की रेस से बाहर हो चुकी है। बता दें कि इसे बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए चुना गया था। एकेडमी ने अवॉर्ड की दौड़ में शॉर्टलिस्ट हुई फिल्मों की लिस्ट जारी कर दी है।
जहां ऑस्कर में जल्लीकट्टू का सफर समाप्त हो चुका है। खास बात है कि करिश्मा देव दुबे की फिल्म ‘बिट्टू’ लाइव एक्शन शॉर्टफिल्म कैटेगरी में अभी भी शामिल है। फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा 15 मार्च को होगी। जबकि अवॉर्ड सेरेमनी 25 अप्रैल को होगी।
एकेडमी ने जिन 9 कैटेगरी में फिल्मों के नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं.. उनमें इंटरनेशनल फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, ऑरिजिनल स्कोर, ऑरिजिनल सॉन्ग, मेकअप और हेयर स्टाइल, विजुअल इफेक्ट्स, लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट और एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म शामिल हैं। एकेडमी के सदस्य इसी लिस्ट में शामिल प्रतिभागियों से 2021 के ऑस्कर समारोह के लिए चयन करेंगे।
ऑस्कर में 93 देशों की फिल्मों के बीच मुकाबला हो रहा है। जल्लीकट्टू के अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी से बाहर होने के बाद अभी भी भारत की उम्मीद ऑस्कर में करिश्मा देव दूबे की बिट्टू से बनी हुई है।
करिश्मा देव दुबे के निर्देशन में बनी फिल्म बिट्टू की कहानी दो स्कूल जाने वाले दोस्तों की दिल छू लेने वाली कहानी है। यह रियल घटना पर आधारित है। जब एक प्राथमिक विद्यालय में पेस्टिसाइड मिला मिड डे मील खाने की वजह से कई बच्चों की जिंदगी छिन गई थी।
एकता कपूर, ताहिरा कश्यप और गुनीत मोंगा की Indian Women Rising के तहत बनी इस फिल्म की ऑस्कर एंट्री से सभी उत्साहित हैं।
एकता कपूर ने इस मौके पर खुशी जाहिर की है.. उन्होंने बताया है कि उनकी पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट के लिए खास तैयारी की थी. उन्हें पूरी उम्मीद है कि बिट्टू को काफी वोट मिलेंगे.

