हैदराबाद टेस्ट में इंग्लैंड की जीत के सूत्रधार ओली पॉप का रास्ता रोकना जसप्रीत बुमराह को मंहगा पड़ गया, उनकी इस हरकत के लिए ICC ने सजा के तौर पर उनको एक डिमेरिट अंक दिया है. बुमराह ने रन लेते हुए ओली का रास्ता रोका था, हालाँकि उन्होंने इसके लिए पोप से फ़ौरन सॉरी भी कहा था. कप्तान रोहित शर्मा ने भी ओली पॉप के पास जाकर सॉरी कहा था लेकिन इस घटना को मैच रेफरी ने नज़र अंदाज़ नहीं किया और उसकी रिपोर्ट ICC को भेज दी जिसपर बुमराह के खिलाफ ये एक्शन हुआ.
दरअसल इंग्लैंड की दूसरी पारी के 81वे ओवर में भारतीय गेंदबाज़ों के लिए सिरदर्द बने ओली पॉप जब सिंगल लेने के लिए भागे तो बुमराह उनके रास्ते से नहीं हटे बल्कि उन्हें एक तरह से रोकने की कोशिश की जिसपर ओली पॉप ने बड़ी हैरत जताई। वीडियो में साफ़ नज़र आया कि बुमराह ने जानबूझकर ऐसा किया और उन्हें आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का दोषी पाया गया. इस घटना की शिकायत मैदानी अम्पायरों ने मैच रेफरी रिची रिचर्डसन से की जिसपर ICC ने ये फैसला सुनाया।
ICC ने अपने फैसले में कहा कि बुमराह को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट में मौजूद अनुच्छेद 2.12 के मामले सजा सुनाई गयी है। इस नियम के तहत अगर कोई खिलाड़ी किसी भी अन्य खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर या मैच रेफरी समेत किसी भी व्यक्ति के साथ गलत तरह से फिजिकल कॉन्टैक्ट करता है तो उसे दोषी पाया जाता है। ऐसे मामलों में अक्सर दोषी खिलाड़ियों पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगता है और दो डिमेरिट अंक तक मिलते हैं, साथ में फटकार अलग लगती है, मैच रेफरी के सामने पेशी भी होती है। खैर बुमराह ने अपनी गलती को मान लिया इसलिए ये मामला यहीं पर निपट गया और उन्हें सबसे कम सजा मिली, उसकी वजह ये रही कि पिछले 24 महीनों में भारतीय गेंदबाज़ की ये पहली गलती थी.