देहरादून: उत्तराखंड में राज्यपाल की अनुज्ञा से शनिवार को कोविड-19 के साथ म्यूकरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) को भी महामारी घोषित कर दिया गया है।
सचिव, स्वास्थ्य डाक्टर पंकज कुमार पांडेय ने इस सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को आदेश निर्गत किये हैं। आदेश में कहा गया कि कोविड-19 संक्रमण के प्रभाव के दुष्प्रभाव के रूप में म्यूकरमाइकोसिस के रोगियों की संख्या में वृद्वि हो रही है। इसलिये इसे भी महामारी की तरह लिया जाय।
आपको बता दें कि भारत में अभी तक करीब 9 हजार ब्लैक फंगस के मामले आ चुके हैं. ब्लैक फंगस संक्रमण के मामले में मरीज के मौत की आशंका बढ़ जाती है. स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार स्टेट में महामारी घोषित होने के बाद राज्य के सीमा क्षेत्र के भीतर सभी प्राइवेट और सरकारी हॉस्पिटल को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिसर (ICMR) की गाइडलाइन के मुताबिक संक्रमण की जांच करनी होती है. स्वास्थ्य मंत्रालय के जॉइंट सेकेट्री लव अग्रवाल ने भी सभी राज्यों को पत्र जारी किया है. जिसके मुताबिक सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को ब्लैक फंगस की स्क्रीनिंग, डायग्नोसिस और मैनेजमेंट की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है.

