ब्लैक फंगस के कारण देहरादून में 8 मरीजों ने दम तोड़ा
279 हो गयी प्रदेश में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दर घटने से अभी प्रदेशवासियों ने राहत की सांस लेेना शुरू ही किया था कि ब्लैक फंगस की काली छाया ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। देहरादून में शनिवार को ब्लैक फंगस के 16 नये संक्रमित मिले हैं। वहीं जानलेवा ब्लैक फंगस के कारण 8 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। प्रदेश में ब्लैक फंगस के कुल मरीजों की संख्या 279 हो गयी हो गयी। अब तक 44 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
उत्तरखंड में ब्लैक फंगस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर में सर्वाधिक प्रभावित देहरादून जिला अब ब्लैक फंगस के कारण चिंताजनक स्थिति में आ गया है। देहरादून जिले में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 250 हो चुकी है। वहीं जिले में 38 मरीजों की मौत हो गयी है। शनिवार को देहरादून में ब्लैक फंगस के 16 नये संक्रमित मिलने से स्वास्थ विभाग भी चिंतित है। वहीं ब्लैक फंगस से पीड़ित आठ मरीजों ने आज दम तोड़ दिया। वहीं नैनीताल जिले में ब्लैक फंगस के 27 मरीज मिले जिनमें पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। ऊधमसिंह नगर जिले में भी ब्लैक फंगस का एक मरीज मिल चुका है।
वहीं हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में ऊधमसिंह नगर निवासी 47 साल की महिला को कोविड-19 संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसमें ब्लैक फंगस होने की पुष्टि होने पर सर्जरी की गयी। ब्लैक फंगस संक्रमित महिला की एक आंख और आधे जबड़े को निकालना पड़ा। अस्पताल में की गयी अब तक की सबसे बड़ी सर्जरी के बाद महिला की हालत स्थित बतायी जा रही है।

