हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब चुनाव प्रचार के आखरी दिनभाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर महेंद्रगढ़ जिले में राहुल गांधी की रैली के दौरान कांग्रेस में शामिल हो गए। जैसे ही गांधी अपना भाषण समाप्त कर रहे थे, मंच से एक घोषणा की गई जिसमें दर्शकों से कुछ मिनट प्रतीक्षा करने को कहा गया। इसके तुरंत बाद तंवर मंच पर आए और घोषणा की गई कि ‘‘आज उनकी घर वापसी हो गई है। कहा जा रहा है कि एक घंटा पहले वो किसी चुनाव प्रचार रैली में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनवा रहे थे.
अशोक तंवर ने 2019 में कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शाम छह बजे समाप्त होने से कुछ घंटे पहले तंवर का पार्टी बदलना लोगों को हैरत में डाल रहा है और ये संकेत भी दे रहा है कि हवा कांग्रेस की तरफ बह रही है जिसका रुख अशोक तंवर ने भांप लिया और समय रहते भविष्य की राजनीती को देखते हुए फैसला लिया।
चुनावी मंच पर कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने राहुल गांधी से हाथ मिलाया और हुड्डा का अभिवादन किया, जिन्होंने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनकी पीठ थपथपाई। मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। तंवर अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। आप में शामिल होने से पहले वह कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में भी रहे थे। वहीँ आज चुनाव प्रचार के आखरी दिन राहुल गाँधी ने नूंह और महेंद्रगढ़ में चुनावी रैलियां कीं और भाजपा को बुरी तरह घेरा। चुनाव प्रचार आज ख़त्म हो गया है, मतदान 5 अक्टूबर को है और वोटों की गिनती 8 तारिख को होगी।

