Site icon Buziness Bytes Hindi

BJP ने अब तक खरीदे 277 MLA, 6300 करोड़ रुपए किए खर्च: केजरीवाल का दावा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज भाजपा की तुलना सीरियल किलर से की, केजरीवाल ने कहा कि विपक्ष की सरकारों को गिराने के लिए भाजपा सीरियल किलर का पैटर्न फॉलो कर रही है. लेकिन दिल्ली में इनका षड़यंत्र नाकाम हो गया. आम आदमी पार्टी संयोजक ने दावा किया कि भाजपा ने 277 विधायकों की अबतक खरीद फरोख्त की है और इसके लिए उसने अबतक 6300 करोड़ रूपये खर्च किये हैं.  

केजरीवाल ने कहा कि सच एक होता है और झूठ कई होते हैं. सिसोदिया के घर पर सीबीआई रेड के 7-8 दिन हो चुके हैं मगर सिसोदिया के घर से सीबीआई के हाथ क्या लगा, इसका पता अभी तक नहीं लगा है. केजरीवाल ने कहा कि इन लोगों को यही नहीं पता कि घोटाला क्या हुआ है? कभी कहते हैं डेढ़ लाख करोड़ का घोटाला हुआ, कभी 8 हजार करोड़ और कभी 1100 करोड़. उप राज्यपाल ने जो रिपोर्ट बनाई उसमें 144 करोड़ के घोटाले की बात है. दरअसल सच्चाई ये है कि कोई घोटाला ही नहीं है, मनीष सिसोदिया के घर का कोना कोना छान मारा मगर एक चवन्नी तक नहीं निकली, इन लोगों का तो इसबार रेड का खर्चा तक नहीं निकला. 

Read also: China Taiwan Conflict: ताइवान ने अपने रक्षा बेडे़ में शामिल किए घातक लड़ाकू विमान और हथियार

केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया की तारीफ करते हुए कहा कि मैंने पिछले जन्म में पुण्य किए होंगे जो मुझे ऐसा डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मिला. केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी को ठुकराना कोई छोटी बात नहीं लेकिन मनीष सिसोदिया ने भाजपा के इस ऑफर को ठुकरा दिया। केजरीवाल ने कहा कि दरअसल यह सारा षड़यंत्र गुजरात के चुनावों के लिए हो रहा है, भाजपा गुजरात को अपना किला बताती है लेकिन आम आदमी पार्टी ने गुजरात पहुंचकर उस किले ढहाने की शुरुआत कर दी है. केजरीवाल ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी गुजरात चुनाव से पीछे हट जाय तो यह सारे छापे अपने आप बंद हो जायेंगे.

Exit mobile version